इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने वाले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सोमवार को जब अपने परिजनों से मिले तो उनके आंखों में खुशी के आंसू और चेहरे पर सुकून साफ झलक रहे थे। भारत में कोविड-19 के मामलों और आईपीएल के बीच में स्थगित किये जाने के बाद आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर और इस टूर्नामेंट से जुड़े अन्य सहकर्मी यात्रा प्रतिबंधों के कारण सीधे स्वदेश नहीं लौट पाये थे। उन्हें पहले कुछ दिन मालदीव में बिताने पड़े। आस्ट्रेलिया का 38 सदस्यीय दल दो सप्ताह पहले स्वदेश लौटा था।

तेज गेंदबाज पैट कमिन्स भी इन खिलाड़ियों में शामिल थे। वह होटल से बाहर निकले और अपनी प्रेग्नेंट वाइफ बेकी बोस्टन के गले लग गये। इसका वीडियो आस्ट्रेलिया की मशहूर खेल पत्रकार चोली अमांडा बेली ने अपने ट्विटर पर डाला है। बेली ने वीडियो के साथ लिखा है, दिन का खास वीडियो। आईपीएल के लिये आठ सप्ताह बाहर रहने के बाद पैट कमिन्स आखिर में होटल में क्वारंटाइन से बाहर निकलकर अपनी गर्भवती साथी बेकी से मिले। भावनाओं का ज्वार हावी है।
Video of the day! After eight weeks away for the IPL, Pat Cummins finally leaves hotel quarantine and reunites with his pregnant partner Becky. All the feels! pic.twitter.com/YA3j98zJId
— Chloe-Amanda Bailey (@ChloeAmandaB) May 31, 2021
कमिन्स के अलावा स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ, आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर भी उन खिलाड़ियों में शामिल थे जो आठ सप्ताह बाद अपने प्रियजनों से मिले। आईपीएल को जैव सुरक्षित वातावरण में कोविड-19 के मामले पाये जाने के बाद चार मई को स्थगित कर दिया था। यह लीग अब सितंबर में यूएई में होगी। क्रिकेट आस्ट्रेलिया के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी निक हॉकले ने कहा कि खिलाड़ियों की अपने घर जाने की भावना को कम करके नहीं आंका जा सकता है।

मालूम है ऑस्ट्रेलिया के ज्यादातर खिलाड़ी अपनी फैमिली के बहुत साथ समय नहीं बिता पाएंगे क्योंकि उन्हें जुलाई और अगस्त में वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए टीम में चुना गया है।


Download Android App
Download iOS App



