मुंबई : ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने आज यहां कहा कि अगामी राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों के लिए उनकी तैयारियां सही दिशा में चल रही हैं। साक्षी ने पीटीआई से कहा, ‘‘ इस महीने की 26 तारीख को मैं एशियाई चैम्पियनशिप के लिए रवाना हो रही हूं जिसके बाद मुझे राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेना है, इसलिए तैयारियां जारी है। अगर हम एशियाई चैम्पियनशिप में अच्छा करते हैं तो हमारा आत्मविश्वास बढ़ेगा और मुझे उम्मीद (मेरा लक्ष्य) है कि स्वर्ण पदक जीतूंगी।’’ रियो ओलंपिक की पदकधारी पहलवान ने एक टायर कंपनी की ब्रांड दूत बनने के मौके पर कहा कि उनका लक्ष्य इन दोनों प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने का है।
उन्होंने कहा, ‘‘ ओलंपिक पदक से मुझे काफी प्रेरणा मिली और उसके बाद मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। पदक जीतने के बाद मैं कुश्ती को और अच्छे से समझ रही हूं।’’ राष्ट्रमंडल खेल अप्रैल में गोल्ड कोस्ट में होने हैं जबकि एशियाई खेलों का आयोजन जकार्ता में अगस्त में होगा।साक्षी ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में उन्हें मुख्य चुनौती कनाडा और नाइजीरिया की पहलवानों से मिलने की संभावना है जबकि एशियाई खेलों में जापान और चीन की पहलवानों से चुनौती मिल सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ दोनों प्रतियोगिताओं के लिए तैयारियां लगभग एक जैसी हैं। लेकिन हम उनके वीडियो देखेंगे।’’
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



