नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आधिकारिक निवास पर गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों से भेंट की। प्रधानमंत्री ने सभी पदक विजेता भारतीय एथलीटों से अपने निवास पर पदक जीतने पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और जो खिलाड़ी पदक नहीं जीत सके उनका भी उत्साह बढ़ाया और उनकी भी अच्छा प्रदर्शन करने पर प्रशंसा की। मोदी ने कहा कि गोल्ड कोस्ट जैसे बड़े मंच पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने सभी को बहुत प्रेरित किया है। उन्होंने कहा’ हमारे खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भारत के स्तर को काफी ऊंचा किया है।
जब भी कोई भारतीय एथलीट वैश्विक मंच पर खड़ा होता है और हमारा तिरंगा लहराता है तो वह एक बहुत गौरवान्वित करने वाला पल होता है।’प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों का जीवन बहुत प्रभावशाली और मजबूत होता है। उन्होंने राज्यसभा सांसद तथा महिला मुक्केबाज मैरीकॉम का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि मैरीकॉम ने सांसद होने के बावजूद राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता।
मोदी ने साथ ही राष्ट्रीय बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद का भी जिक्र किया और कहा कि वह एक बेहतरीन खिलाड़ी रहे और अब युवाओं को तैयार कर रहे हैं। श्री मोदी ने कहा’ प्रतिभा, अभ्यास, एकाग्रता और मेहनत के साथ खिलाड़ियों में मानसिक रूप से मजबूती होनी चाहिये। इसके लिये योग एक बहुत अच्छा जरिया हो सकता है।’ इस दौरान केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर भी मौजूद थे।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



