शनिवार को आईपीएल के दो मुकाबले खेले गए, पहला मुकाबला पंजाब किंग्स और केकेआर के बीच मोहाली में खेला गया। जहां पंजाब ने शानदार खेलते हुए सात रन से जीत हासिल की। धवन की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 191 रन बनाए, जिसके जवाब में केकेआर की टीम 16 ओवर में 7 विकेट खोकर 146 रन बना लिए थे, लेकिन बारिश के कारण आगे का खेल नहीं हो पाया और डीएलएस मेथड के हिसाब से कोलकाता की टीम सात रन पीछे रह गई।

टॉस जीतकर केकेआर के कप्तान नीतीश राणा ने फील्डिंग का फैसला किया। पहले बैटिंग करते हुए पंजाब किंग्स के प्रभसिमरन ने तूफानी शुरुआत की और 12 गेंदों पर 23 रन बनाए। उन्हें टिम साउदी ने आउट किया। वहीं इसके बाद बल्लेबाजी के आए भानुका राजपक्षे ने शिखर धवन के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और 32 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्के की मदद से 50 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम के स्कोर को 100 रन के पार ले गए।

इसके बाद 11वें ओवर में भानुका उमेश यादव का शिकार हो गए। इसके बाद जीतेश शर्मा ने भी आते ही तेजी से बल्लेबाजी की और 11 गेंदों पर दो छक्के की मदद से 21 रन बनाए। वहीं कप्तान धवन ने 29 गेंद पर 40 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर बोल्ड हुए। अपना पहला आईपीएल खेल रहे सिकंदर रजा ने 16 रन की पारी खेली। वहीं आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी सैम करन ने अंत में आकर 17 गेंदों पर दो छक्के की मदद से 27 रन बनाकर टीम के स्कोर को 191 तक पहुंचाया।

इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पांचवें ओवर में 29 रन के अंदर अपने तीन विकेट खो दिए। ओपनर मनदीप सिंह 2 रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार हु। इसके बाद अनुकूल रॉय 4 रन बनाकर आउट हुए। जबकि अच्छी बल्लेबाजी कर रहे रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने 22 रन बनाए और नाथन एलिस की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद इंपैक्ट प्लेयर के रूप में आए वेंकटेश अय्यर ने कप्तान नीतीश राणा के साथ पारी को थोड़ी देर संभाला और दोनो अर्धशतकीय साझेदारी की। लेकिन सिकंदर रजा ने राणा को 24 रन के निजी स्कोर पर आउट किया और केकेआर को 75 रन पर चौथा झटका दिया।

रिंकू सिंह भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए और 4 रन बनाकर पवेलियन चलते बने। इसके बाद बैटिंग के लिए आंद्रे रसेल ने अपने तूफानी अंदाज में बैटिंग की और मात्र 19 गेंद पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 35 रन बनाए और 15वें ओवर में सैम करन की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में आउट हुए। इसके बाद अगले ही ओवर में वेंकटेश अय्यर भी 34 रन बनाकर आउट हुए। 16वें ओवर के बाद बारिश के कारण आगे का खेल नहीं हो पाया और पंजाब किंग्स ने डीएलएस मेथड के हिसाब से सात रन मैच को जीता और इस सीजन की शुरुआत जीत के साथ की।


Download Android App
Download iOS App



