ओलंपिक रजत पदकधारी पी वी सिंधू ने शनिवार को यहां आल इंग्लैंड चैम्पियन चेन युफेई पर सीधे गेम में जीत से इंडोनेशिया ओपन बीडब्ल्यूएफ टूर सुपर 1000 टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। सिंधू इस सत्र में थोड़ा जूझ रही हैं लेकिन उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्र के पहले फाइनल में जगह बनायी। उन्होंने सत्र के पहले फाइनल में दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी चेन को 21-19 21-10 से शिकस्त दी।
दुनिया की पांचवें नंबर की भारतीय खिलाड़ी इस साल सिंगापुर और इंडिया ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंची थी। अब फाइनल में उनका सामना जापान के चौथे वरीय अकाने यामागुची से होगा। सिंधू का यामागुची पर जीत का रिकार्ड 10-4 है, जिन्हें वह पिछली चार भिड़ंत में हरा चुकी हैं। आस्ट्रेलिया, स्विस और आल इंग्लैंड ओपन जीत चुकी चेन इस सत्र में बेहतरीन खेल रही हैं, वह पहले गेम में अच्छा खेली लेकिन सिंधू ने जल्द ही संभलते हुए शुरूआती गेम अपने नाम किया।
इसके बाद सिंधू ने दूसरे गेम में दबदबा बनाया और इसे भी जीत लिया। मैच लंबी रैली से शुरू हुआ लेकिन सिंधू 4-7 से पिछड़ रही थी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने लगातार पांच अंक जुटाये जिसमें चेन दो खराब शाट खेलीं। लेकिन चीन की खिलाड़ी फिर भी ब्रेक तक 11-10 से बढ़त बनाये रहीं। ब्रेक के बाद सिंधू ने अंत के आठ में सात अंक जुटाकर शुरूआती गेम जीता। दूसरे गेम में चेन ने 4-0 की बढ़त बना ली, पर जल्द ही सिंधू ने जोरदार स्मैश से शिंकजा कस लिया। सिंधू 16-8 से आगे चल रही थी जिसके बाद चेन के पास उनके शाट का जवाब नहीं था। इस तरह भारतीय खिलाड़ी फाइनल में पहुंच गयी।


Download Android App
Download iOS App



