भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और ‘दी वॉल’ के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ अब जल्द ही एक नया रूप धारण करने वाले हैं। टीम इंडिया को इसी साल जुलाई में श्रीलंका दौरे पर लिमिटेड ओवर सीरीज के लिए रवाना होना है और इस दौरान खबर आ रही है कि द्रविड़ टीम इंडिया के साथ हेड कोच बनकर साथ में जायेंगे। दरअसल, भारतीय टीम के हेड कोच रवि शास्त्री, बॉलिंग कोच भरत अरुण और बैटिंग कोच विक्रम राठौर इस दौरान इंग्लैंड में होंगे। फिलहाल राहुल द्रविड़ नैशनल क्रिकेट अकैडमी के चीफ के पद पर हैं।

मालूम हो पूर्व भारतीय दिग्गज द्रविड़ ने इससे पहले साल 2016 से 2019 तक इंडिया-ए और अंडर-19 टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी निभाई थी। खास बात द्रविड़ के कोच रहते हुए भारत की अंडर-19 टीम साल 2016 में विश्व कप की उपविजेता और साल 2018 में चैंपियन बनी थी।

बताया जा रहा है शास्त्री की गैरमौजूदगी में पूर्व कोच राहुल द्रविड़ को श्रीलंका दौरे पर हेड कोच बनाकर भेजा जा सकता है। भारत को श्रीलंका में वनडे और टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलनी है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और फिर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम 2 जून को इंग्लैंड रवाना हो जाएगी।

एएनआई ने एक बीसीसीआई अधिकारी के हवाले से लिखा, भारतीय कोचिंग स्टाफ इंग्लैंड में होगा, युवा क्रिकेटरों को गाइड करने के लिए द्रविड़ बेस्ट ऑप्शन हो सकते हैं, क्योंकि वह पहले भी भारत-ए और अंडर-19 टीम के साथ जुड़े रह चुके हैं।

बता दें, राहुल द्रविड़ के साथ पारस मम्ब्रे भी दौरे पर जा सकते हैं। मम्ब्रे अंडर-19 टीम के बॉलिंग कोच रह चुके हैं। वहीं, टीम इंडिया 5 जुलाई को श्रीलंका पहुंचेगी। जहां पर वो 13, 16 और 19 जुलाई को टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने हैं और फिर 22, 24 और 27 जुलाई को तीन वनडे इंटरनेशनल मैच खेलने हैं। हालांकि अभी तक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



