ऋषभ पंत ने कहा- धोनी मदद करते हैं लेकिन किसी भी समस्या का पूरा समाधान नहीं बताते

Summary :

विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने कहा है कि धोनी हमेशा मदद करते हैं लेकिन पूरा हल नहीं बताते क्योंकि उन्हें लगता है कि खिलाड़ को आत्मनिर्भर होना चाहिए। धोनी पिछले साल इंग्लैंड में हुए आईसीसी विश्वकप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के बाद से अब तक मैदान से बाहर हैं

भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को अपना मार्गदर्शक बताते हुए युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने कहा है कि धोनी हमेशा मदद करते हैं लेकिन पूरा हल नहीं बताते क्योंकि उन्हें लगता है कि खिलाड़ को आत्मनिर्भर होना चाहिए। धोनी पिछले साल इंग्लैंड में हुए आईसीसी विश्वकप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के बाद से अब तक मैदान से बाहर हैं। हालांकि, वह आईपीएल से क्रिकेट में वापसी करने वाले थे लेकिन कोरोना वायरस के कारण टूर्नामेंट के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका।
पंत ने आईपीएल की अपनी टीम दिल्ली कैपिटल्स के इंस्टाग्राम लाइव सत्र के दौरान कहा, ‘‘धोनी मेरे लिए मैदान के बाहर और अंदर एक मेंटर की तरह हैं। मैं किसी भी परेशानी के लिए कभी भी उनसे मदद मांग सकता हूं। लेकिन वह कभी भी इसके लिए मुझे संपूर्ण समाधान नहीं बताते हैं।’’ 


भारत के लिए 13 टेस्ट, 16 वनडे और 28 टी-20 मैच खेल चुके पंत ने कहा, ‘‘धोनी ऐसा इसलिए करते हैं ताकि मैं उन पर निर्भर नहीं रहूं। वह सिर्फ मुझे परेशानी का हल खुद निकालने के लिए संकेत देते हैं। वह साथ ही मेरे पसंदीदा बल्लेबाज पार्टनर हैं। हालांकि, ऐसा हमेशा नहीं होता है।’’धोनी के उत्तराधिकारी माने जा रहे युवा विकेटकीपर बल्लेबाज पंत ने कहा, ‘‘अगर माही क्रीज पर मौजूद हैं तो आपको पता रहता है कि हालात काबू में हैं। उनके पास दिमाग में योजना रहती है जिसका हमें सिर्फ पालन करना होता है।’’

Desk Team