रोहित शर्मा, युवराज सिंह और बजरंग पूनिया जैसे स्टार खिलाड़ियों के अलावा ओलंपियन साक्षी मलिक और दीपा करमाकर ने #प्लेफोरइंडिया पहल का समर्थन किया है जिसका लक्ष्य कोविड-19 महामारी के कारण जीविका प्रभावित होने के कारण मुसीबत का सामना कर रहे खेलों से जुड़े लोगों की मदद करना है।
रोहित और युवराज के अलावा महिला टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और मयंक अग्रवाल जैसे क्रिकेटर भी इस पहल से जुड़े हैं। दिग्गज पहलवान बजरंग, टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के अलावा बालीवुड सेलीब्रिटी अभिषेक बच्चन और सुनील शेट्टी भी इस पहल का हिस्सा हैं।
बयान के अनुसार #प्लेफोरइंडिया पहल का लक्ष्य भारत के खेल समुदाय, प्रशंसकों और खिलाड़ियों को एकजुट करना और उनके प्रयासों की बदौलत उन लोगों की मदद करना है जो उस अदृश्य सहायक व्यवस्था का हिस्सा हैं जिनके बिना खेल गतिविधियां संभव नहीं हैं। बयान के अनुसार, ‘‘इसमें साफ-सफाई करने वाले, माली, कोच, अंपायर, रैफरी, कैडी और अन्य सहायक स्टाफ शामिल हैं जिन्हें काम नहीं होने के कारण नियमित वेतन नहीं मिल रहा है।’’
पूर्व भारतीय आलराउंडर युवराज ने इन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘खेलों से हमें जो खुशी मिली है वे उन कई अज्ञात लोगों के प्रयासों से संभव है जो भारत के खेल ढांचे का समर्थन करते हैं। #प्लेफोरइंडिया पहल का लक्ष्य उन लोगों को वित्तीय और गैरवित्तीय समर्थन मुहैया कराना है जो भारत में खेलों की रीढ़ हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



