साइना नेहवाल दूसरे दौर में, पीवी सिंधू हारीं

Summary :

साइना नेहवाल को डेनमार्क ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के मैच में जीत दर्ज करने के लिये काफी पसीना बहाना पड़ा जबकि सिंधू पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गई।

ओडेंसे : साइना नेहवाल को डेनमार्क ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग के शुरूआती मैच में जीत दर्ज करने के लिये काफी पसीना बहाना पड़ा जबकि पी वी सिंधू पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गई। साइना नेहवाल ने हांगकांग की एंगान यि चियुंग को 20-22, 21-17, 24-22 से हराया। वहीं तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधू अमेरिका की बेइवान झांग से 17-21, 21-16, 18-21 से हार गई। साइना ने 81 मिनट तक चले मुकाबले में चियुंग से मिली कड़ी चुनौती का डटकर सामना किया।

दोनों की आखिरी बार टक्कर 2016 में हुई थी जिसमें साइना हार गई थी। तीनों गेम कांटे के रहे और एक-एक अंक के लिये दोनों खिलाड़ियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। साइना नेहवाल ने आखिरी गेम में लय बरकरार रखकर बाजी मारी। वहीं सिंधू को 56 मिनट तक चले मैच में 17-21, 21-16, 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। यहां लगातार तीसरा अवसर है जबकि सिंधू को झांग से हार झेलनी पड़ी। अमेरिकी शटलर ने इस साल फरवरी में इंडियन ओपन के फाइनल में भी सिंधू को हराया था।

साइना नेहवाल की बायोपिक से Shraddha Kapoor ने फर्स्ट लुक किया शेयर, देखें तस्वीरें

रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिंधू जकार्ता एशियाई खेलों में रजत पदक हासिल करने के बाद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। वह जापान ओपन में भी दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पायी थी जहां उन्हें गाओ फैंगजी ने हराया। यही नहीं चाइना ओपन के क्वार्टर फाइनल में उन्हें चीन की चेन युफेई से हार झेलनी पड़ी थी।

Desk Team