वोल्गोग्राद : सऊदी अरब ने विंगर सलीम अल दवसारी के इंजरी टाइम के अंतिम मिनट में दागे गोल की बदौलत ग्रुप ए के महज औपचारिकता वाले मैच में मिस्र को 2-1 से हराकर जीत के साथ रूस में चल रहे फुटबॉल विश्व कप को अलविदा कहा। सऊदी अरब को मैच में दो विवादास्पद पेनल्टी मिली जिसमें से दूसरी को सलमान अल फराज (45 प्लस 6 मिनट) ने गोल में बदला जिसके बाद सलीम (90 प्लस 5 मिनट) ने टीम की जीत सुनिश्चित की। मिस्र के लिए मैच का पहला और एकमात्र गोल मोहम्मद सालाह ने 22वें मिनट में किया।
सऊदी अरब और मिस्र दोनों पहले ही नाकआउट की दौड़ से बाहर हो चुके थे। इस जीत के साथ सऊदी अरब की टीम तीन मैचों में दो हार और एक जीत से तीन अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही। मिस्र की टीम ने अपने तीनों मैच गंवाए और टीम खाता खोले बिना ही विश्व कप से बाहर हो गई। इस ग्रुप से उरूग्वे की टीम अपने तीनों मैच जीतकर नौ अंक के साथ शीर्ष पर रहते हुए नाकआउट में पहुंची जबकि मेजबान रूस दो जीत और एक हार से छह अंक जुटाते हुए अंतिम 16 में जगह बनाने वाली ग्रुप की दूसरी टीम रही।
मिस्र के 45 वर्षीय गोलकीपर एसाम अल हदारी इस मैच के साथ फुटबॉल विश्व कप में खेलने वाले सबसे अधिक उम्र के खिलाड़ी बन गए। अल हदारी ने कोलंबिया के गोलकीपर फेरिड मोंड्रेगोन के रिकार्ड को तोड़ा जो 2014 में ब्राजील में हुए विश्व कप में 43 साल और तीन दिन की उम्र में जापान के खिलाफ मैच में उतरे थे।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



