इन दिनों ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट कप्तानी का मुद्दा गरमाया हुआ है। ऐसे में महान स्पिन गेंदबाज शेन वॉर्न ने पैट कमिंस को ऑस्ट्रेलिया का अगला टेस्ट कप्तान बनाने के लिए सुझाव दिया है। उन्होंने कहा है कि अब समय आ गया है कि यह तेज गेंदबाज टिम पेन से यह जिम्मेदारी ले। एक महिला सहकर्मी को 2017 में अश्लील मैसेज भेजने की क्रिकेट आस्ट्रेलिया द्वारा जांच के बीच पेन ने टेस्ट कप्तानी छोड़ दी है।

वॉर्न का मानना है कि मौजूदा उपकप्तान कमिंस को एशेज श्रृंखला से पहले कप्तान बनाया जाना चाहिये। उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि पैट कमिंस को कप्तान बनाने का यह सही समय है। पेन के इस्तीफे से पहले ही मैने यह सोचा था। कमिंस ने 2011 में आस्ट्रेलिया के लिये पहला टेस्ट खेला और अब तक 32 टेस्ट में 164 विकेट ले चुके हैं।

वॉर्न ने कहा, इस पोस्टर ब्वॉय से दुनिया भर में लोग प्यार करते हैं और उसका सम्मान करते हैं । पैट कमिंस को कप्तान बनाया जाना चाहिये। मैथ्यू वेड, जोश इंगलिस या एलेक्स कारी को पेन की जगह टेस्ट टीम में रखना चाहिये।

उन्होंने कहा, इंग्लिश विकेटकीपर के रूप में मेरी पहली पसंद है। वह 360 डिग्री खिलाड़ी है और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पिछले सत्र में तीन शतक बना चुका है। उन्होंने पेन के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि वह भी इंसान है और एक घटना के आधार पर उसका आकलन नहीं करना चाहिये ।

आगे वॉर्न ने कहा, वह दुखद है। मुझे उसके लिये और उसके परिवार के लिये बुरा लग रहा है। मैं इस घटना के आधार पर उसका आकलन नहीं करूंगा। सार्वजनिक जीवन में होने का यह मतलब नहीं कि वह गलती नहीं करेगा। खिलाड़ी भी इंसान है और उनके भी जज्बात होते हैं। टीका टिप्पणी करना बंद करें, यह हमारा काम नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



