रफ्तार से खौफ पैदा करने वाले शोएब अख्तर इस वजह से हुए मजबूर, बयां किया दर्द

Summary :

क्रिकेट के सर्वकालिक तेज गेंदबाजों में से एक शोएब अख्तर ने खुलासा किया है कि उनके दौड़ने के दिन अब लद चुके हैं क्योंकि उन्हें अपने घुटने का आपरेशन करवाकर उसे बदलवाना होगा।

क्रिकेट के सर्वकालिक तेज गेंदबाजों में से एक शोएब अख्तर ने खुलासा किया है कि उनके दौड़ने के दिन अब लद चुके हैं क्योंकि उन्हें अपने घुटने का आपरेशन करवाकर उसे बदलवाना होगा। अख्तर का करियर हमेशा चोटों के कारण प्रभावित रहा। पाकिस्तान के इस 46 वर्षीय तेज गेंदबाज ने दो साल पहले मेलबर्न में घुटने का आपरेशन करवाया था।
उन्होंने ट्विटर पर अपनी तस्वीर जारी करते हुए लिखा, मेरे दौड़ने के दिन अब लद चुके हैं क्योंकि मैं अपना घुटना बदलवाने के लिये जल्द ही मेलबर्न, आस्ट्रेलिया रवाना हो रहा हूं। अख्तर को दुनिया के सर्वकालिक तेज गेंदबाजों में से एक गिना जाता था। उन्हें रावलपिंडी एक्सप्रेस कहा जाता है। उन्होंने 2011 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था।

उन्होंने पाकिस्तान के लिये 46 टेस्ट और 163 एकदिवसीय मैच खेले जिसमें उन्होंने क्रमशः 178 और 247 विकेट लिये। उन्होंने 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 19 विकेट भी हासिल किये। अख्तर ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच वनडे के रूप में 2011 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्होंने एक विकेट हासिल किया था। अख्तर के नाम 161.3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सबसे तेज गेंद करने का रिकार्ड है।

Desk Team