लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले में शुभमन गिल की कप्तानी के अंडर इंडियन टीम को इंग्लैंड के हाथों 27 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारत तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-2 से गंवा बैठा। मुकाबले के बाद कप्तान शुभमन गिल ने हार के कारणों पर खुलकर बात की और साथ ही रोहित शर्मा और विराट कोहली की भी जमकर तारीफ की।
इंग्लैंड ने खड़ा किया बड़ा स्कोर

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 50 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 387 रन बनाए। जिसके जवाब में इंडियन टीम ने आखरी तक स्ट्रगल किया, लेकिन टीम सिर्फ 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 360 रन ही बना सकी। भारत की ओर से रोहित शर्मा ने शानदार 138 रनों की पारी खेली, लेकिन उनकी यह कोशिश टीम को जीत नहीं दिला सकी।
Shubhman Gill On Loss Against England: हार की वजह पर क्या बोले शुभमन गिल?

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरमनी में गिल ने कहा कि इंडिया काफी समय तक मुकाबले में बना हुआ था, लेकिन आखिरी कुछ ओवरों में गेंदबाजों ने जरूरत से ज्यादा रन खर्च कर दिए। उन्होंने कहा कि टीम लगभग 45वें ओवर तक मुकाबले में थी, लेकिन आखरी तीन ओवरों में करीब 60 रन देने से मैच का रुख पूरी तरह इंग्लैंड की ओर चला गया। उनके मुताबिक, यही वह मोड़ था जहां भारत मुकाबले से पीछे हो गया।
रन चेज की प्लानिंग भी बताई

टारगेट का पीछा करने की प्लानिंग पर बात करते हुए गिल ने बताया कि टीम की कोशिश थी कि 40 ओवर तक विकेट बचाए जाएं, ताकि आखरी 10 ओवरों में बड़े शॉट लगाए जा सकें। हालांकि, साथ ही यह भी जरूरी था कि रन रेट बहुत ज्यादा न बढ़ने पाए। उन्होंने कहा कि पावरप्ले के बाद बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए और रन रेट को लगभग 6 से 6.5 रन प्रति ओवर के आसपास बनाए रखा, जिससे टीम मुकाबले में बनी रही।
रोहित शर्मा और विराट कोहली की तारीफ

रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर पूछे गए सवाल पर शुभमन गिल ने दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि रोहित और विराट ने पिछले कई सालों में दुनिया के अलग-अलग देशों में शानदार प्रदर्शन किया है और इंडियन क्रिकेट को लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। गिल ने खास तौर से रोहित शर्मा की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि रोहित ने इस मैच में शानदार शतक लगाया। उन्होंने कहा कि मैच के आखिरी समय में पिच धीमी हो गई थी, जिससे रन बनाना आसान नहीं था। ऐसे में रोहित ने जिस आत्मविश्वास और अंदाज में बल्लेबाजी की, वह देखने लायक थी।


Download Android App
Download iOS App




