पेरिस : ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू और किदाम्बी श्रीकांत फ्रेंच ओपन क्वार्टर फाइनल से हारकर बाहर हो गए और इसके साथ ही इस बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 750 टूर्नामेंट में एकल वर्ग में भारत की चुनौती समाप्त हो गई। तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधू को चीन की सातवीं वरीयता प्राप्त ही बिंगजियाओ ने 21-13, 21-16 से हराया।
यह इस साल चीनी खिलाड़ी से सिंधू की लगातार दूसरी हार है। इससे पहले जुलाई में इंडोनेशिया ओपन में भी उसे बिंगजियाओ ने हराया था। इस जीत के साथ अब सिंधू के खिलाफ उसका रिकार्ड 7-5 का हो गया है। इससे पहले साइना नेहवाल को चीनी ताइपै की ताइ झू यिंग ने एक अन्य क्वार्टर फाइनल में 22-20, 21-11 से मात दी थी।
पांचवीं वरीयता प्राप्त श्रीकांत को जापान के केंतो मोमोता ने हराया । श्रीकांत को 16-21, 19-21 से पराजय झेलनी पड़ी जो इस साल जापानी खिलाड़ी से उसकी लगातार पांचवीं और कुल सातवीं हार है । पिछले सप्ताह डेनमार्क ओपन के सेमीफाइनल में भी उसे मोमोता ने ही हराया था। पुरूष युगल में सात्विक साइराज रांकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी सेमीफाइनल में पहुंच गई।


Download Android App
Download iOS App



