जकार्ता : पूर्व विश्व नंबर एक साइना नेहवाल ने आज यहां ओलंपिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधू को शिकस्त देकर 350,000 डालर इनामी राशि वाले इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह पक्की की। घुटने में चोट से वापसी कर रही साइना ने भारत की दो शीर्ष खिलाड़ियों के बीच हुए क्वार्टरफाइनल मुकाबले को सीधे गेम में 21-13, 21-19 से अपने नाम किया। विश्व चैम्पियनशिप में रजत और कांस्य पदक जीत चुकी साइना का सेमीफाइनल में मुकाबला चौथी वरीय थाईलैंड की रतचानोक इंतानोन से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच हुये 13 मुकाबलों में साइना का पलड़ा भारी रहा है जिन्होंने आठ मुकाबले जीते हैं।
रतचानोक ने एक अन्य क्वार्टरफाइनल में ग्लास्गो विश्व चैम्पियनशिप की विजेता जापान की नोजोमी ओकुहारा को परास्त किया। भारत के बाहर सिंधू के खिलाफ पहली बार खेलते हुये साइना ने पहले गेम में 3-0 की बढ़त बनाने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। सैयद मोदी ग्रां प्री गोल्ड 2014 में साइना ने सिंधू को हराया था तो पिछले साल सिंधू इंडियन ओपन सुपर सीरीज में साइना को मात देकर बदला चुकता करने में कामयाब रही थी। पिछले साल सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप में भी साइना सिंधू पर भारी पड़ी थी।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



