दुबई: ओलंपिक रजत पदक विजेता भारत की पीवी सिंधु ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए आज यहां चीन की चेन यूफेई को सीधे गेम में हराकर दुबई सुपर सीरीज फानइल्स के महिला एकल के खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी सिंधु ने आठवें नंबर की चीन की खिलाड़ी को 59 मिनट में 21-15 21-18 से हराया।
फाइनल में सिंधु का सामना दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी और शीर्ष वरीय जापान की अकाने यामागुची से होगा जिन्होंने एक अन्य सेमीफाइनल में थाईलैंड की रतचानोक इंतानोन को एक घंटा और 12 मिनट चले कड़े मुकाबले में 17-21 21-12 21-19 से हराया। फाइनल में सिंधू को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। भारतीय खिलाड़ी ने अकाने के खिलाफ अब तक पांच मैचों में जीत दर्ज की है जबकि सिर्फ दो बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
सिंधु ने राउंड रोबिन के दौरान भी ग्रुप ए में अकाने को एकतरफा मुकाबले में सिर्फ 36 मिनट में 21-9 21-13 से हराया था। सिंधु ने इसके अलावा इस साल हांगकांग ओपन में भी अकाने को हराया था लेकिन जापान की खिलाड़ी फ्रेंच ओपन में जीत दर्ज करने में सफल रही थी।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



