इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड दाहिनी पिंडली में चोट के कारण भारत के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बुधवार शाम को इसकी पुष्टि की है। दूसरे टेस्ट से पहले मंगलवार को लॉर्ड्स में प्रशिक्षण के दौरान ब्रॉड को चोट लगी थी। इसके मद्देनजर साकिब महमूद को रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। ईसीबी ने एक बयान में कहा, ब्रॉड ने बुधवार दोपहर को लंदन में एक एमआरआई स्कैन कराया है, जिसमें फ्रैक्चर का पता चला है।

उल्लेखनीय है कि लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड की टीम कई चोटों से जूझ रही है, जबकि ब्रॉड मौजूदा टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। वहीं टीम अन्य अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन की फिटनेस पर भी पसीना बहा रही है, जो मांसपेशी में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं। इसके चलते तेज गेंदबाज मार्क वुड को भी टीम में शामिल किया गया है, हालांकि एंडरसन को दूसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन में लिया गया है, जबकि ब्रॉड के स्थान पर मार्क वुड खेल रहे हैं। यानी साकिब महमूद को अपने टेस्ट पदार्पण के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।

हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाले साकिब ने 22 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं और 26.30 की औसत से 65 विकेट लिए हैं, जिसमें उन्होंने एक बार पांच विकेट भी अपने नाम किए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ तीन वनडे मैचों में 13.66 की औसत से नौ विकेट लिए थे।


Download Android App
Download iOS App



