तोक्यो ओलंपिक : अंतिम 10 सेकंड में ब्रॉन्ज से चूके दीपक पुनिया

Summary :

भारत के रेसलर दीपक पुनिया के पास कांस्य पदक जीतने का मौका था, लेकिन वह आखिरी 10 सेकंड में की गई गलतियों के कारण उससे चूक गए।

भारतीय पहलवान दीपक पूनिया अपने ओलंपिक पदार्पण में गुरूवार को यहां कांस्य पदक जीतने के करीब पहुंचे लेकिन 86 किग्रा के प्ले-ऑफ में सैन मरिनो के माइलेस नज्म अमीन के अंतिम 10 सेकेंड में पटखनी देने से उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
दीपक का रक्षण पूरे मुकाबले के दौरान शानदार था लेकिन सैन मरिनो के पहलवान ने मुकाबले के अंतिम क्षणों में भारतीय पहलवान का दायां पैर पकड़कर उन्हें गिराकर निर्णायक दो अंक हासिल किये। इससे पहले 22 साल का भारतीय पहलवान 2-1 से आगे चल रहा था।
दीपक अच्छे ड्रा का फायदा उठाकर सेमीफाइनल तक पहुंचे लेकिन अमेरिका के डेविड मौरिस टेलर से सेमीफाइनल में हार गये। उन्होंने इससे पहले नाइजीरिया के एकेरेकेमे एगियोमोर को तकनीकी श्रेष्ठता से और फिर क्वार्टरफाइनल में चीन के जुशेन लिन को 6-3 से हराया था।

Desk Team