तिरूवनंतपुरम : स्पिनर ऋतिक शौकीन और मानव सुतार के तीन-तीन विकेटों की बदौलत भारत की अंडर-19 टीम ने शुक्रवार को यहां पहले युवा टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका पर नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। दक्षिण अफ्रीकी टीम दूसरी पारी में 66 ओवरों में महज 167 रन पर सिमट गयी। आफ स्पिनर शौकीन ने 52 रन देकर तीन जबकि बायें हाथ के स्पिनर सुतार ने 44 रन देकर तीन विकेट प्राप्त किये।दक्षिण अफ्रीका की टीम पहली पारी में 197 रन पर सिमट गयी थी।
उसने सुबह तीन विकेट पर 34 रन से आगे खेलना शुरू किया और 17 रन जोड़ने के बाद एंडिले मोकगाकने (30) का विकेट गंवा दिया। टीम का दारोमदार अब बोंगा मखाखा और आल राउंडर ब्राइस पार्सन्स पर था। लेकिन सुतार ने पार्सन्स को 16 रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे तथा भारत के इन दोनों गेंदबाजों ने अच्छी लाइन एवं लेंथ में गेंदबाजी करना जारी रखा। केवल मखाखा ही डटे रहे, उन्होंने 165 गेंद में 74 रन की पारी खेली।
कोच राहुल द्रविड़ की टीम को जीत के लिये केवल 35 रन की दरकार थी, उसने पहली पारी के शतकवीर दिव्यांश सक्सेना का विकेट गंवा दिया। इसके बाद वरूण नायनर (नाबाद 19) और वत्सल गोविंद (खाता नहीं खोला) ने टीम को जीत दिलायी। सक्सेना को पहली पारी में 122 रन से शानदार शतक बनाने के लिये मैन आफ द मैच चुना गया जिससे भारतीय टीम ने 330 रन बनाये थे।


Download Android App
Download iOS App



