जब 14 मैच खेलने हों तो उतार चढ़ाव आते हैं पर मैंने खुद पर भरोसा बनाए रखा : संजु सैमसन

Summary :

राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज संजु सैमसन ने कहा कि उन्होंने खुद पर भरोसा बनाए रखा था।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र में शानदार शुरूआत के बाद लय खोने और फिर मुंबई इंडियस के खिलाफ रविवार के मैच में उसे दोबारा हासिल करने वाले राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज संजु सैमसन ने कहा कि उन्होंने खुद पर भरोसा बनाए रखा था। संजु ने मुंबई के खिलाफ 8 विकेट से मिली अहम जीत में नाबाद 54 रन बनाए और बेन स्टोक्स के साथ तीसरे विकेट की अटूट साझेदारी में 152 रन जोड़े।
उन्होंने जीत के बाद कहा कि मैने खुद पर विश्वास बनाए रखा था। जब आपको 14 मैच खेलने हों तो उतार चढ़ाव आते ही हैं। हर विकेट अलग तरह का होता है और उस पर अलग तरीके से खेलना होता है। मैंने आज वही किया। उन्होंने कहा,‘‘ मैं जरूरी रनरेट की तरफ देख ही नहीं रहा था। मैं बस गेंद को उसकी गुणवत्ता के आधार पर खेल रहा था। मुझे जमने में 5 – 6 गेंद का समय लगा।’’चोटिल रोहित शर्मा की जगह मुंबई की कमान संभाल रहे किरॉन पोलार्ड ने स्टोक्स और सैमसन की तारीफ की।
उन्होंने कहा, मुझे लगा कि हार्दिक (पंड्या) ने हमें मैच में लौटा दिया है लेकिन स्टोक्स और सैमसन ने कमाल की पारियां खेली। विकेट अच्छा था जिस पर थोड़ी सी आस थी। रॉयल्स ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने हालांकि कहा कि इस हार का उनके अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा,‘‘ हमें अभी 3 मैच और खेलने है। हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे। आज हमारे गेंदबाजों का दिन नहीं था। हार्दिक के लिए  दुखी हूं कि इतनी अच्छी पारी खेलने के बावजूद टीम जीत नहीं सकी।’’

Ujjwal Jain