पेशेवर मुक्केबाजी करियर में सभी मुकाबले जीतने वाले भारतीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने घाना के अर्नेस्ट अमुजु के खिलाफ कल यहां होने वाले मुकाबले से पहले आज कहा कि वह कुछ भी हलके में नहीं ले रहे है। विजेंदर यहां डब्ल्यूबीओ एशिया पैसिफिक और ओरिएंटल टाइटल खिताब का बचाव करने के लिये सुपर मिडिलवेट वर्ग के मुकाबले में अमुजु के खिलाफ उतरेंगे। मुकाबले की पूर्व संध्या पर उन्होंने कहा, यह सिर्फ एक दमदार मुक्के की बात है और मैच का नतीजा निकल सकता है। हमने कई बार देखा है कि रैंकिंग में निचले पायदान के मुक्केबाजों ने शीर्ष मुक्केबाजों को शिकस्त दी हैं। मैं किसी को हलके में नहीं ले रहा हूं।
उन्होंने कहा, यह कहा जाता है कि प्यार और युद्ध में सब कुछ जायज है और यह मुकाबला किसी जंग की तरह है। अगर उनका मनोबल गिरा हुआ है तो यह मेरे लिये खुशी की बात है। इस मौके पर विजेंदर ने ब्रिटिश मुक्केबाज आमिर खान से मिल रही जुबानी चुनौती का जवाब देते हुये कहा कि अगर व्यावहारिक रूप से यह संभव हुआ तो उनसे मुकाबला होना चाहिये। ओलंपिक में पूर्व रजत पदक विजेता खान पेशेवर मुक्केबाजी के लाइट वेल्टरवेट वर्ग में चैम्पियन रहे है और जब उन्होंने वेल्टरवेट वर्ग में खेलने का फैसला किया तो पहले मैच में वह नॉकआउट दौर में ही हार गये। वहीं दूसरी तरफ विजेंदर सुपर मिडिलवेट वर्ग में खेलते है। विजेंदर ने कहा, मैंने उसकी चुनौती के बारे में काफी सुना है। मुझे लगता है हमारा आमना-सामना अब होना चाहिये। मैं उसके खिलाफ उतरने के लिये तैयार हूं और अगले साल उसके खिलाफ खेलना चाहूंगा।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



