इंटरनेट नहीं होगा तब भी चलेगा UPI! जानिए कैसे काम करेगी NPCI की नई पेमेंट टेक्नॉलजी

Summary :

UPI Without Internet: NPCI बिना इंटरनेट के UPI पेमेंट की नई तकनीक पर काम कर रहा है। NFC बेस्ड इस सुविधा से UPI Lite वॉलेट के जरिए 2,000 रुपये तक का ऑफलाइन पेमेंट किया जा सकेगा। फ्लाइट और अंडरग्राउंड मेट्रो जैसी जगहों पर इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।

UPI Without Internet:  भारत में डिजिटल पेमेंट का सबसे बड़ा माध्यम UPI अब एक और बड़ा बदलाव लाने की तैयारी में है। अभी तक UPI से पेमेंट करने के लिए इंटरनेट जरूरी होता है, लेकिन आने वाले समय में बिना इंटरनेट के भी पेमेंट करना आसान हो  सकता है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ऐसी नई तकनीक पर काम कर रहा है, जिससे खराब नेटवर्क या इंटरनेट न होने पर भी आसानी से UPI पेमेंट किया जा सकेगा। अगर यह सुविधा शुरू होती है, तो यात्रियों, दुकानदारों और आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। खासकर उन जगहों पर जहां इंटरनेट नहीं चलता या नेटवर्क बहुत कमजोर रहता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, NPCI इस सुविधा के लिए Near Field Communication (NFC) टेक्नॉलजी  का इस्तेमाल करेगा। इस टेक्नॉलजी में QR कोड स्कैन करने की जरूरत नहीं होगी। यूजर को केवल अपने NFC सपोर्ट वाले स्मार्टफोन को पेमेंट  मशीन (POS टर्मिनल) के पास टैप करना होगा और पेमेंट पूरा हो जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान न कस्टमर्स  के फोन में इंटरनेट की जरूरत होगी और न ही दुकानदार की मशीन में ऑनलाइन कनेक्शन होना जरूरी होगा। इससे पेमेंट पहले के मुकाबले ज्यादा फास्ट और आसान हो सकता है।

UPI Lite वॉलेट से होगी पेमेंट

UPI Without Internet (credit social media )
UPI Without Internet (credit social media )

इस नई सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए यूजर को पहले इंटरनेट उपलब्ध होने पर अपने UPI Lite वॉलेट में पैसे जोड़ने होंगे। इसके बाद उसी बैलेंस का इस्तेमाल ऑफलाइन पेमेंट के लिए किया जा सकेगा। शुरुआती फेज  में एक बार में ज़्यादत्तर 2,000 रुपये तक की पेमेंट करने की सुविधा मिल सकती है। कुछ छोटे ट्रांजैक्शन के लिए हर बार UPI PIN डालने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी, जिससे पेमेंट और फास्ट  से हो सकेगा।

यह टेक्नॉलजी  उन जगहों पर सबसे ज्यादा उपयोगी साबित हो सकती है, जहां इंटरनेट उपलब्ध नहीं होता। उदाहरण के तौर पर, फ्लाइट के दौरान या अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों पर कई बार नेटवर्क पूरी तरह बंद हो जाता है। ऐसे समय में डिजिटल पेमेंट करना मुश्किल हो जाता है। नई ऑफलाइन UPI सर्विस  आने के बाद यात्री फ्लाइट में खाने-पीने का सामान खरीदने या मेट्रो स्टेशन पर टिकट और अन्य सेवाओं के लिए आसानी से पेमेंट कर सकेंगे, चाहे इंटरनेट हो या ना हो।

दुकानदारों को भी करनी होगी तैयारी

इस सर्विस का बेनिफिट  केवल कस्टमर्स के स्मार्टफोन पर निर्भर नहीं करेगा। जिन दुकानों पर ऑफलाइन UPI पेमेंट स्वीकार किया जाएगा, वहां लगे POS टर्मिनल भी इस नई टेक्नॉलजी के अनुरूप सर्टिफाइड होने चाहिए। रिपोर्ट्स के अनुसार, NPCI जल्द ही ऐसे POS टर्मिनलों का सर्टिफिकेशन शुरू कर सकता है। इसके बाद बैंक और UPI ऐप उपलब्ध कराने वाली कंपनियां भी अपने ऐप में इस फीचर को शामिल करेंगी। फिलहाल यह सर्विस आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं है। NPCI ने इसकी ऑफिसियल  लॉन्च तारीख का भी ऐलान नहीं किया है।

लेकिन, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस टेक्नॉलजी  पर तेजी से काम चल रहा है और इसे चरणबद्ध तरीके से लॉन्च किया जा सकता है। अगर यह न्यू सर्विस  लागू होती है, तो UPI का इस्तेमाल पहले से कहीं ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगा।

यह भी पढ़ें: अब Meta AI रखेगा Teenager की सुरक्षा का ध्यान, सुसाइड से जुड़े संकेत मिलते ही पैरेंट्स को भेजेगा अलर्ट

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।