अमेरिकी शिक्षक की घर वापसी, 2021 से रूसी जेल में थे बंद, ट्रंप से की मुलाकात

Summary :

ट्रंप की कूटनीतिक सफलता, रूसी जेल से मुक्त हुए मार्क फोगेल

डोनाल्ड ट्रंप ने रूस की जेल से रिहा होने के बाद अमेरिकी स्कूल शिक्षक मार्क फोगेल का स्वागत किया। व्हाइट हाउस ने उनकी रिहाई को एक कूटनीतिक सफलता बताया। 61 वर्षीय मार्क फोगेल को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने रूस से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। उनके अमेरिका लौटने पर व्हाइट हाउस में उनका स्वागत किया गया। ट्रंप के बगल में खड़े होकर फोगेल ने कहा, “इस समय मैं खुद को सबसे भाग्यशाली व्यक्ति महसूस कर रहा हूं। आप सभी का धन्यवाद। मैं अपने देश से बहुत प्यार करता हूं। यहां वापस आकर बहुत खुश हूं।” पेंसिल्वेनिया के रहने वाले फोगेल को अगस्त 2021 में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें मारिजुआना रखने के कारण 14 साल की सजा सुनाई गई थी। उनके परिवार और समर्थकों का मानना था कि उनकी हिरासत अन्यायपूर्ण थी।

बाइडेन प्रशासन ने दिसंबर 2024 में आधिकारिक तौर पर फोगेल को गलत तरीके से हिरासत में लिया गया माना, लेकिन उन्हें पूर्व यूएस-रूस कैदी आदान-प्रदान में शामिल नहीं किया गया।फोगेल ने कहा कि वह अपनी रिहाई के लिए ट्रंप के हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भी सराहना की और उन्हें ‘उदार राजनेता’ बताया।

शर्तों के बारे में बोलते हुए ट्रंप ने कहा, “यह बहुत निष्पक्ष और उचित था। उन शर्तों की तरह नहीं जो आपने पिछले कुछ वर्षों में देखे हैं।” ट्रंप ने एक और अमेरिकी की रिहाई का भी इशारा किया, लेकिन उन्होंने उस व्यक्ति का नाम या उसे जिस देश में रखा गया था, उसका खुलासा नहीं किया। उन्होंने कहा, “यह कोई बहुत खास होगा।”

ट्रंप ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए एक अभियान रैली में किए गए व्यक्तिगत वादे का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जब मैंने (मार्क फोगेल की) मां को एक रैली में देखा, तो उन्होंने मुझसे पूछा, ‘अगर आप जीत गए, तो क्या आप मेरे बेटे को बाहर निकालेंगे? मैंने उनसे वादा किया था, ‘हम उसे बाहर निकाल लेंगे, और हमने उसे जल्दी ही बाहर निकाल लिया।” व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया पोस्ट के साथ फोगेल की वापसी का जश्न मनाया, जिसमें लिखा था, “मार्क फोगेल वापस आ गए हैं! वादे पूरे किए गए!” अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) माइक वाल्ट्ज ने भी इस खबर का स्वागत करते हुए पोस्ट किया, “वह घर पर हैं!”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.