Body Builder Suicide in Meerut : पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 28 साल के बॉडी बिल्डर सलमान की मौत उस वक्त हो गई, जब उसने गुस्से में आकर खुद की जांघ पर चाकू से वार कर लिया। हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस मजबूत और जीरो फैट बॉडी के कारण वह इलाके में मशहूर था, वही उसकी जान जाने की वजह बन गई।
फोन पर भाई से विवाद के बाद उठाया खतरनाक कदम
यह घटना इंचौली थाना क्षेत्र के लावड़ इलाके की है। यहां रहने वाले अलीहसन का बेटा सलमान एक पोल्ट्री फार्म चलाता था और इलाके में बॉडी बिल्डिंग के लिए जाना जाता था।
गुरुवार सुबह वह अपने कमरे में था, तभी फोन पर बड़े भाई इमरान से किसी बात को लेकर उसकी तीखी बहस हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि फोन कटते ही सलमान ने गुस्से में घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और अपनी जांघ पर वार कर दिया।
जांघ की नस कटने से हुआ भारी रक्तस्राव
विशेषज्ञों के अनुसार सलमान की मौत का मुख्य कारण अत्यधिक खून बहना था। बताया जाता है कि उसने लंबे समय से जिम में कड़ी मेहनत करके अपने शरीर से लगभग पूरी चर्बी खत्म कर दी थी, यानि ज़ीरो फैट बॉडी बना ली थी और मांसपेशियां काफी सख्त हो गई थीं।
इसी कारण चाकू का वार करीब तीन इंच तक अंदर चला गया और जांघ की मुख्य नस यानी फेमोरल आर्टरी कट गई। नस कटते ही तेजी से खून बहने लगा। परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत ज्यादा खून बह चुका था और डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
मेडिकल साइंस के अनुसार क्या है कारण
मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार सामान्य लोगों के शरीर में त्वचा के नीचे चर्बी की एक परत होती है, जो कई बार बाहरी चोटों को अंदरूनी अंगों तक पहुंचने से कुछ हद तक रोक देती है। मेडिकल रिसर्च, जैसे NIH के अध्ययनों में भी बताया गया है कि सबक्यूटेनियस फैट कई मामलों में एक सुरक्षा परत की तरह काम कर सकती है। वहीं अत्यधिक फिट या जिम करने वाले लोगों में मांसपेशियां अधिक कसी हुई होती हैं, जिससे तेज धार वाली चीजें सीधे अंदर तक पहुंच सकती हैं।
परिवार ने कानूनी कार्रवाई से किया इनकार
सलमान की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। उसकी शादी चार साल पहले हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई या पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। एएसपी बजरंग प्रसाद के अनुसार प्रारंभिक रूप से यह आत्महत्या का मामला माना जा रहा है और परिवार की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
यह भी पढ़ें – अयोध्या में आज रामनवमी का भव्य आयोजन, रामलला का होगा सूर्य तिलक; जानें पूरा शेड्यूल























