Firozabad Husband Murder Case: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र के जाखई गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक ट्यूबवेल की कोठरी में एक युवक का सिर कटा धड़ देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव की पहचान गांव के ही रहने वाले 26 वर्षीय सौरभ सिंह के रूप में हुई, जो पिछले तीन दिनों से लापता था।
Firozabad Husband Murder Case: परिजनों के शक से खुली हत्या की परतें
मौके पर पहुंचे मृतक के बड़े भाई मिथुन ने सौरभ की पत्नी प्रीति और उसके एक करीबी युवक पर शक जताया। इसी आधार पर पुलिस ने हत्या की जांच को आगे बढ़ाया। एसएसपी सौरभ दीक्षित के निर्देश पर नारखी, पचोखरा और रामगढ़ थानों की संयुक्त टीम गठित की गई।

Wife Murdered Her Husband: मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल से मिला सुराग
पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और पारिवारिक संबंधों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि सौरभ की पत्नी प्रीति का वर्ष 2022 से सूरज नाम के युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच सौरभ को बड़ी रुकावट माना जा रहा था, जिससे छुटकारा पाने के लिए हत्या की साजिश रची गई।
Firozabad Crime News: योजना के तहत की गई बेरहमी से हत्या
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रविवार रात सौरभ खेत की ओर गया था और ट्यूबवेल पर सोने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पत्नी प्रीति ने प्रेमी सूरज को फोन कर उसकी लोकेशन बता दी। सूरज अपने दोस्त सलमान के साथ मौके पर पहुंचा। पहले दोनों ने गमछे से सौरभ का गला घोंटा और फिर बांके से उसका सिर काट दिया। सिर को पास के बोरवेल में फेंक दिया गया, जबकि धड़ को ट्यूबवेल की कोठरी में छोड़कर आरोपी फरार हो गए।

मुठभेड़ में घायल हुआ मुख्य आरोपी
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सूरज श्रीराम गढ़ी इलाके में देखा गया है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली सूरज के पैर में लगी। वहीं उसका साथी सलमान मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में पत्नी प्रीति को भी हिरासत में ले लिया गया।
पुराने विवाद और पारिवारिक पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार सौरभ की शादी वर्ष 2014 में हुई थी। उस समय उसकी पत्नी नाबालिग थी, इसलिए कुछ साल बाद विदाई हुई। वर्ष 2022 में प्रीति ने सौरभ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था और करीब दो साल तक मायके में रही। बाद में समझौते के बाद वह फिर सौरभ के साथ रहने लगी। दंपती का ढाई साल का एक बेटा भी है।

24 घंटे में खुला पूरा हत्याकांड
पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस जघन्य हत्या का खुलासा करते हुए पत्नी, प्रेमी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह वारदात एक बार फिर रिश्तों में छिपी साजिश और लालच की भयावह तस्वीर सामने लाती है।


Download Android App
Download iOS App




