लूट या हत्या! झांसी की पहली महिला ऑटो चालक की गोली लगने से मौत, AUTO में बैठे चश्मदीद ने सुनाई पूरी कहानी

Summary :

Jhansi First Auto Driver Murder: झांसी में पहली महिला ऑटो चालक रहीं अनीता चौधरी की हत्या का मामला सामने आया है। देर रात उनका खून से सना शव सुकुवां–ढुकुवां कॉलोनी के पास पड़ा मिला, जबकि कुछ दूरी पर उनका ऑटो सड़क पर पलटा हुआ था। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना माना, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो गया कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या थी। Jhansi First Auto Driver Murder: रात को निकलीं, सुबह मिली मौत की खबर यह घटना नवाबाद थाना क्षेत्र की है। तालपुरा मोहल्ले के अंबेडकर नगर में रहने वाली अनीता…

Jhansi First Auto Driver Murder: झांसी में पहली महिला ऑटो चालक रहीं अनीता चौधरी की हत्या का मामला सामने आया है। देर रात उनका खून से सना शव सुकुवां–ढुकुवां कॉलोनी के पास पड़ा मिला, जबकि कुछ दूरी पर उनका ऑटो सड़क पर पलटा हुआ था। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना माना, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो गया कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या थी।

Jhansi First Auto Driver Murder: रात को निकलीं, सुबह मिली मौत की खबर

यह घटना नवाबाद थाना क्षेत्र की है। तालपुरा मोहल्ले के अंबेडकर नगर में रहने वाली अनीता रविवार रात करीब 9:30 बजे ऑटो लेकर घर से निकली थीं। देर रात करीब 1:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला का शव सड़क किनारे पड़ा है। खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या के साथ लूट की आशंका जताई।

Jhansi First Auto Driver Murder (Image- Social Media)
Jhansi First Auto Driver Murder (Image- Social Media)

First Woman Auto Driver Dies: गहने और मोबाइल गायब, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

परिजनों का कहना है कि अनीता के शरीर से मंगलसूत्र, कान और नाक के गहने, पायल और मोबाइल फोन गायब थे। इस आधार पर उन्होंने इसे लूट के इरादे से की गई हत्या बताया। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले पुलिस दुर्घटना की संभावना पर ही जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपील भी की थी कि बिना पुष्टि के खबरें न चलाई जाएं।

Jhansi Crime News: पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली सच्चाई

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, अनीता के गले को चीरती हुई गोली सिर में फंसी मिली। शरीर पर छर्रों के साफ निशान भी पाए गए। इसके बाद पुलिस को अपनी जांच की दिशा बदलनी पड़ी और यह साफ हो गया कि अनीता की मौत गोली लगने से हुई है।

चश्मदीद ने बताई पूरी वारदात

मामले में एक चश्मदीद का बयान भी सामने आया है। उसने बताया कि घटना के समय वह अनीता के साथ ऑटो में मौजूद था। अचानक आरोपियों ने गोली चला दी, जिससे वह घबरा गया और उसके कान सुन्न हो गए। गोली चलने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। चश्मदीद ने यह भी कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है, जिसे पुलिस जांच में खंगाल रही है।

Jhansi First Auto Driver Murder (Image- Social Media)
Jhansi First Auto Driver Murder (Image- Social Media)

Jhansi News in Hindi: तीन नामजद आरोपी, दो हिरासत में

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अनीता के मित्र मुकेश झा, उसके बेटे शिवम और मनोज के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शिवम और मनोज को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी मुकेश झा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।

संघर्ष और हिम्मत की मिसाल थीं अनीता

अनीता चौधरी की जिंदगी संघर्ष से भरी रही। स्नातक होने के बावजूद परिवार की आर्थिक हालत कमजोर थी, इसलिए उन्होंने ऑटो चलाने का फैसला किया। इसी के साथ वह झांसी की पहली महिला ऑटो चालक बनीं। उनके साहस और आत्मनिर्भरता की कई सामाजिक संगठनों और पुलिस अधिकारियों ने तारीफ की थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: Delhi में बीच सड़क बाप-बेटे को नंगा कर पीटा, 10 दिन बाद थी शादी; मां बोलीं- घर में सिर्फ डर का माहौल

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।