LPG supply crisis Noida: मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर अब ऊर्जा आपूर्ति पर भी दिखने लगा है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की वजह से वैश्विक LPG सप्लाई प्रभावित हो रही है। इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है, क्योंकि देश अपनी गैस जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा आयात करता है। युद्ध की स्थिति के कारण गैस की सप्लाई में रुकावट आ रही है, जिससे कई शहरों में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर परेशानी देखी जा रही है।
LPG supply crisis Noida: नोएडा में सिलेंडर न मिलने पर सड़क जाम
इस बीच गैस की कमी का असर उत्तर प्रदेश के नोएडा में भी देखने को मिला। सेक्टर 18 की मुख्य सड़क पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप था कि गैस एजेंसियां उन्हें समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में ट्रैफिक प्रभावित हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर सड़क खाली करवाई। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
बड़े शहरों में गैस की कमी से होटल-रेस्टोरेंट पर असर
बता दें कि गैस की सप्लाई प्रभावित होने का असर सबसे ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर दिखाई दे रहा है। बेंगलुरु, मुंबई और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में कई होटल और रेस्टोरेंट्स को गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। इसके कारण कुछ जगहों पर रसोई को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी से रेस्टोरेंट मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई छोटे और मध्यम स्तर के होटल कारोबारियों का कहना है कि गैस की नियमित सप्लाई न मिलने से उनके कामकाज पर सीधा असर पड़ा है।
गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें
देश के कई शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ रहा है। कई जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। लोग समय से पहले एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं ताकि बाद में परेशानी न हो। हालांकि गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन का कहना है कि देश में घरेलू एलपीजी की कोई वास्तविक कमी नहीं है। उनका दावा है कि सप्लाई चेन में कुछ अस्थायी दिक्कतों के कारण वितरण में देरी हो सकती है, लेकिन जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
इंडक्शन कुकिंग की ओर बढ़ रहे होटल
गैस की कमी और बढ़ती कीमतों के चलते कई होटल और रेस्टोरेंट अब वैकल्पिक तरीकों की ओर रुख कर रहे हैं। कई जगहों पर इंडक्शन स्टोव का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। चेन्नई में एक बड़े रेस्टोरेंट समूह ने अपनी रसोई में इंडक्शन कुकिंग शुरू कर दी है। यहां बड़े बर्तनों में सांभर, दाल और चावल जैसी चीजें भी बिजली से चलने वाले इंडक्शन स्टोव पर पकाई जा रही हैं। पहले जहां गैस सिलेंडर पर खाना बनता था, अब वहां बिजली के उपकरणों से काम चलाया जा रहा है।
बदल रहा कुकिंग ट्रेंड
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर गैस की कीमतें और सप्लाई से जुड़ी समस्याएं लंबे समय तक बनी रहती हैं, तो होटल और घरेलू किचन में इंडक्शन और अन्य इलेक्ट्रिक कुकिंग सिस्टम का इस्तेमाल तेजी से बढ़ सकता है। इससे ऊर्जा उपयोग के तरीकों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: Jhansi: LPG संकट के बीच हाईवे पर खड़े ट्रक से 524 सिलेंडर उड़ा ले गए बदमाश, प्रशासन के उड़े होश























