पश्चिम बंगाल में निपाह की दस्तक से झारखंड में जारी हुआ अलर्ट! आखिर कितना जानलेवा है ये वायरस?

Summary :

Nipah Virus Alert: पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस की दस्तक ने लोगों के बीच डर का माहौल बना दिया है। यहां दो मामलों की पुष्टि हुई है। जिसके बाद झारखंड सरकार और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। झारखंड और बंगाल के बीच रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, ऐसे में संक्रमण फैलने की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसी कारण बंगाल से सटे झारखंड के जिलों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। Nipah Virus Alert: सभी सिविल सर्जनों को अलर्ट जारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड के अभियान निदेशक…

Nipah Virus Alert: पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस की दस्तक ने लोगों के बीच डर का माहौल बना दिया है। यहां दो मामलों की पुष्टि हुई है। जिसके बाद झारखंड सरकार और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। झारखंड और बंगाल के बीच रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, ऐसे में संक्रमण फैलने की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसी कारण बंगाल से सटे झारखंड के जिलों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Nipah Virus Alert: सभी सिविल सर्जनों को अलर्ट जारी

राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को अलर्ट पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल से हाल ही में लौटे लोगों की यात्रा से जुड़ी जानकारी ली जाए और जरूरत पड़ने पर उनकी जांच कराई जाए। किसी भी संदिग्ध मामले की जानकारी तुरंत मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

Nipah Virus Alert (Image- Social Media)
Nipah Virus Alert (Image- Social Media)

Nipah virus Jharkhand: सर्विलांस और रिपोर्टिंग व्यवस्था मजबूत

स्वास्थ्य विभाग ने निपाह वायरस को लेकर निगरानी और रिपोर्टिंग प्रणाली को और सख्त करने को कहा है। जिला और राज्य सर्विलांस इकाइयों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध मरीज की सूचना बिना देरी के संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है। साथ ही अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में संक्रमण रोकने के सभी नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है।

Jharkhand Nipah Alert: तय नियमों के अनुसार ही सैंपल लिए जाएंगे

निपाह वायरस के संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल, स्वाब या अन्य नमूने केवल प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा ही लिए जाएंगे। सैंपल लेने की प्रक्रिया पूरी तरह तय प्रोटोकॉल के अनुसार होगी, ताकि स्वास्थ्यकर्मी और आम लोग संक्रमण से सुरक्षित रह सकें।

Nipah Virus Alert (Image- Social Media)
Nipah Virus Alert (Image- Social Media)

Bengal Nipah Cases: जन जागरूकता को बताया गया सबसे बड़ा उपाय

स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि निपाह से बचाव के लिए लोगों में जागरूकता बेहद जरूरी है। आम जनता को सलाह दी गई है कि वे आधे खाए हुए या जमीन पर गिरे फलों का सेवन न करें। निपाह वायरस का संबंध चमगादड़ों से माना जाता है, जो फलों को संक्रमित कर सकते हैं। इसके अलावा कच्चा खजूर का रस और ताड़ी पीने से भी बचने की अपील की गई है।

लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें

लोगों को सलाह दी गई है कि बीमार व्यक्ति के अनावश्यक संपर्क से बचें। अगर किसी को बुखार, सिरदर्द, खांसी, सांस लेने में परेशानी, उल्टी, भ्रम, दौरे या मानसिक स्थिति में बदलाव जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में इलाज कराएं।

Nipah Virus Alert (Image- Social Media)
Nipah Virus Alert (Image- Social Media)

अफवाहों से दूर रहने की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने निपाह वायरस को लेकर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने को कहा है। लोगों से अपील की गई है कि केवल सरकारी और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। घबराने के बजाय सतर्क रहना ही सबसे बेहतर उपाय है। इसी क्रम में भारत सरकार द्वारा जारी “Alert Nipah Virus Disease” नामक जागरूकता सीडी भी सभी सिविल सर्जनों को उपलब्ध कराई गई है।

क्या है निपाह वायरस और क्यों है खतरनाक

निपाह वायरस एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है, जो मुख्य रूप से चमगादड़ों और सुअरों से इंसानों में फैलती है। यह बीमारी तेजी से गंभीर रूप ले सकती है और मस्तिष्क को प्रभावित कर सकती है। पश्चिम बंगाल में सामने आए मामलों को देखते हुए झारखंड में समय रहते सतर्कता बरतना जनस्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: झारखंड में बढ़ती ठंड ने बढ़ाई लोगों की कंपकपाहट, 2 डिग्री तक लुढ़का पारा! जारी हुआ येलो अलर्ट!

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।