नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे चौड़ीकरण को मिली हरी झंडी, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

Summary :

महामाया फ्लाईओवर से लेकर DND लूप तक एक्सप्रेसवे होगा चौड़ा

नोएडा प्राधिकरण द्वारा महामाया फ्लाईओवर से लेकर डीएनडी लूप तक एक्सप्रेसवे के उस हिस्से का चौड़ीकरण किया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण ने 26 सितंबर 2024 को उत्तर प्रदेश शासन की स्मारकों, संग्रहालयों, संस्थाओं, पार्कों एवं उपवनों आदि की प्रबंधन, सुरक्षा एवं अनुरक्षण समिति को पत्र भेजकर अनुमति मांगी थी। यह संपूर्ण कार्य रोड कैरिजवे की 45 मीटर चौड़ाई के अंतर्गत किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के नोएडा के लोगों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगने वाले भीषण जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नोएडा प्राधिकरण द्वारा महामाया फ्लाईओवर से लेकर डीएनडी लूप तक एक्सप्रेसवे के उस हिस्से का चौड़ीकरण किया जाएगा, जो राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल एवं ग्रीन गार्डन के सामने से गुजरता है। इस चौड़ीकरण के पीछे मुख्य उद्देश्य इस अति महत्वपूर्ण मार्ग पर प्रतिदिन लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाना है। नोएडा प्राधिकरण ने 26 सितंबर 2024 को उत्तर प्रदेश शासन की स्मारकों, संग्रहालयों, संस्थाओं, पार्कों एवं उपवनों आदि की प्रबंधन, सुरक्षा एवं अनुरक्षण समिति को पत्र भेजकर अनुमति मांगी थी। अब समिति ने 5 जून 2025 को पत्र जारी कर प्राधिकरण को चौड़ीकरण के लिए अनापत्ति दे दी है, जिससे इस परियोजना को लेकर आगे की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है।

प्राधिकरण द्वारा पूर्व में कराई गई तकनीकी स्टडी के अनुसार, सेक्टर-95 स्थित पार्क के सामने लगभग 600 मीटर क्षेत्र में एक मीटर चौड़ी साइड पटरी, 1.4 मीटर चौड़ा फुटपाथ और 3.1 मीटर पेव्ड टाइल सर्फेस को हटाकर कुल 5.5 मीटर चौड़ी नई सर्विस लेन बनाई जाएगी। यह संपूर्ण कार्य रोड कैरिजवे की 45 मीटर चौड़ाई के अंतर्गत किया जाएगा।

देश में एक बार फिर कोरोना ने बढ़ाई टेंशन, नोएडा मे लागू हुई धारा-163

नोएडा प्राधिकरण का मानना है कि इस निर्माण से मौजूदा ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी कमी आएगी और यात्रियों को सुगम एवं निर्बाध आवागमन का अनुभव मिलेगा। प्रस्तावित कार्य के लिए आंकलन तैयार कर लिया गया है, जिसे स्वीकृति के लिए सक्षम स्तर पर भेजा जा चुका है। स्वीकृति प्राप्त होते ही जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यह चौड़ीकरण न केवल यातायात को आसान बनाएगा, बल्कि शहर के विकास और सुचारु यातायात व्यवस्था की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.