पाकिस्तान में हड़कंप, भारतीय हमले के बाद इस्लामाबाद में स्कूल और कॉलेज बंद

Summary :

ऑपरेशन सिंदूर के बाद इस्लामाबाद में स्कूल-कॉलेज बंद

भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर हमला किया, जिससे पाकिस्तान में हड़कंप मच गया। इस्लामाबाद में सुरक्षा कारणों से स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। पीएम मोदी ने ऑपरेशन की प्रगति पर करीबी नजर रखी और आतंकवाद के खिलाफ भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

भारतीय सेना द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पीओके स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में सभी सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय इस्लामाबाद ने एक आदेश में कहा है कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति के कारण यह अधिसूचित किया जाता है कि इस्लामाबाद राजधानी क्षेत्र के अधिकार क्षेत्र में सभी सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के स्कूल और कॉलेज 07 मई 2025 (बुधवार) को बंद रहेंगे। हालांकि, सभी निर्धारित परीक्षाएं 7 मई को योजना के अनुसार होंगी और इस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। भारत ने 7 मई को पहलगाम आतंकी हमले का बदला लिया। भारतीय सेना ने नौ आतंकी ठिकानों पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। पीएम नरेंद्र मोदी लगातार इस पूरी सैन्य कार्रवाई पर नजर रखे हुए हैं।

ऑपरेशन सिंदूर: भारतीय हवाई हमले के बाद सीमा पर बढ़ा तनाव

भारतीय सेना के प्रवक्ता ने कहा, “हमारे हमले केंद्रित और सटीक थे। हमने केवल उन आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, जहां से भारत के खिलाफ हमले की योजना बनाई गई थी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रात भर ऑपरेशन की प्रगति पर बारीकी से नजर रखी। सूत्रों ने पुष्टि की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और सैन्य कमांडरों के साथ लगातार संपर्क में थे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अभियान योजना के अनुसार आगे बढ़े। प्रधानमंत्री की सक्रिय भागीदारी ने मिशन के महत्व और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को उजागर किया।

सेना के बयान में इस बात पर जोर दिया गया कि किसी भी पाकिस्तानी नागरिक, सैन्य या आर्थिक बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचाया गया, जो लक्षित आतंकवाद विरोधी प्रयासों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन घाटी में कुछ आतंकियों ने निर्दोष पर्यटकों को निशाना बनाया था, जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की मौत हुई थी। पर्यटकों ने बताया था कि आतंकियों ने चुन-चुनकर गोली मारी थी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.