Satna Honey Trap: सोशल मीडिया के इस दौर में लोग कहीं भी किसी भी कोने में बैठकर एक दूसरे से बातचीत कर सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म ने दूर बैठे लोगों को तेजी से जोड़ने का काम किया है। इस दौरान कई लोग इसके जरिए विदेश या अन्य राज्यों में रह रहे लोगों से भी दोस्ती कर रहे हैं।
लेकिन कई बार ऑनलाइन दोस्ती करना मुश्किलों को भी बढ़ा सकता है। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के मैहर जिले से सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती युवक को हनीट्रैप में फंसा बैठी। इस घटना में युवक को न सिर्फ बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसका अश्लील वीडियो बनाकर उससे पैसे भी वसूले गए।
Satna Honey Trap: मिलने के बहाने बुलाकर रची गई साजिश
पीड़ित युवक की पहचान बदवेरा क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। उसकी इंस्टाग्राम पर एक युवती से बातचीत शुरू हुई थी। कुछ दिनों बाद युवती ने उसे मैहर के घंटाघर के पास मिलने के लिए बुलाया। दोनों वहां मिले और पास के एक कॉफी हाउस में नाश्ता किया। इसके बाद युवती ने युवक से कहा कि वह उसे घर तक छोड़ दे। जब युवक उसके घर पहुंचा, तो युवती ने पानी पीने के बहाने उसे अंदर बुला लिया। कुछ ही देर में वहां पहले से मौजूद दो युवक आ गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

Maihar Honey Trap Case: घंटों तक बंधक बनाकर की गई पिटाई
युवक के अनुसार कुछ समय बाद एक और व्यक्ति वहां पहुंचा। तीनों ने मिलकर उसे बेल्ट, डंडे और लोहे की रॉड से पीटा। आरोपियों ने उसे सुबह से देर रात तक कमरे में बंद रखा। इस दौरान उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। जब युवक ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपियों ने उसके कपड़े उतारकर उसका न्यूड वीडियो बना लिया। इसके बाद उसे वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया।
Instagram Honey Trap MP: ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए हजारों रुपये
आरोपियों ने युवक का मोबाइल पासवर्ड जबरन लेकर उसके खाते से फोन-पे के जरिए करीब 56 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। इस पूरी घटना के दौरान वहां एक महिला और तीन पुरुष मौजूद थे। युवक ने बताया कि इस गिरोह का सरगना विक्की नाम का व्यक्ति था, जो फोन पर निर्देश दे रहा था।

पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
किसी तरह छूटकर युवक सीधे मैहर थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी ने टीम के साथ तुरंत दबिश दी और आरोपी युवती समेत सभी साथियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि मास्टरमाइंड विक्की पर पहले से ही कई थानों में 10 से ज्यादा केस दर्ज हैं। उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित है।
सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामला गंभीर है और सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने और लोगों को इसी तरह फंसाया है।

सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की जरूरत
यह घटना सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने के खतरों की एक बड़ी चेतावनी है। थोड़ी सी लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन बातचीत में सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी पुलिस को दें।


Download Android App
Download iOS App




