25,000 करोड़ के निवेश समझौते पर सरकार का यू-टर्न, संदिग्ध वित्तीय स्थिति और दस्तावेजों के चलते Puch AI के साथ रद्द किया समझौता

UP Govt Cancel MoU with Puch AI

UP Govt Cancel MoU with Puch AI :  उत्तर प्रदेश में बड़े निवेश के दावों के बीच राज्य सरकार को एक अहम फैसले में पीछे हटना पड़ा है। ‘पुच एआई’ (Puch AI) नाम की कंपनी के साथ किया गया 25,000 करोड़ रुपये के निवेश का समझौता महज चार दिनों के भीतर रद्द कर दिया गया। सरकार ने यह कदम कंपनी की वित्तीय स्थिति पर उठे सवालों और जरूरी दस्तावेजों की कमी के कारण उठाया।

जांच में सामने आई कई खामियां

इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस समझौते की समीक्षा कराई गई थी। इसके तहत कंपनी को नोटिस जारी कर उसका विस्तृत बिजनेस प्लान, वित्तीय स्थिति और परियोजना से जुड़ी डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) मांगी गई थी। कंपनी को जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया था, लेकिन तय समय के भीतर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद MoU को समाप्त करने का फैसला लिया गया।

जरूरी दस्तावेज समय पर नहीं दिए

Invest UP की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 23 मार्च 2026 को हुए इस समझौते के बाद कंपनी की विस्तृत जांच की गई। इस दौरान यह सामने आया कि कंपनी ने जरूरी दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं कराए। इसके अलावा इतनी बड़ी परियोजना को पूरा करने के लिए कंपनी की आर्थिक स्थिति भी पर्याप्त मजबूत नहीं पाई गई और उसके फंड के स्रोत भी स्पष्ट नहीं थे।

अखिलेश यादव ने उठाए थे सवाल

इस प्रस्तावित निवेश को लेकर राजनीतिक स्तर पर भी सवाल उठने लगे थे। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 25,000 करोड़ रुपये के निवेश के दावे को लेकर सरकार से सवाल किए थे। बाद में हुई जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी अपने निवेश और वित्तीय क्षमता से जुड़े ठोस प्रमाण पेश नहीं कर सकी।

सभी पहलुओं की समीक्षा के बाद फिलहाल राज्य सरकार ने Puch AI के साथ किया गया यह निवेश समझौता रद्द कर दिया है।

यह भी पढ़ेंअयोध्या में आज रामनवमी का भव्य आयोजन, रामलला का होगा सूर्य तिलक; जानें पूरा शेड्यूल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।