इंडिया गेट पर लगेगी सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमा, PM मोदी ने ट्वीट कर किया ऐलान

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा इंडिया गेट पर महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की ग्रेनाइट की बनी प्रतिमा लगाई जाएगी।

देश की राजधानी में इंडिया गेट पर स्थित ‘अमर जवान ज्योति’ को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। तो इससे इतर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा इंडिया गेट पर महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की ग्रेनाइट की बनी प्रतिमा लगाई जाएगी। प्रधानमंत्री की यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब इंडिया गेट पर स्थित अमर जवान ज्योति की लौ को राष्ट्रीय समर स्मारक पर जल रही लौ के साथ विलय किए जाने को लेकर केंद्र सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर हैं। 

पीएम ने ट्वीट के जरिए दी जानाकारी  
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ऐसे समय में जब देश नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती मना रहा है, मुझे आपसे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि ग्रेनाइट की बनी उनकी एक भव्य प्रतिमा इंडिया गेट पर स्थापित की जाएगी। यह उनके प्रति देश के आभार का प्रतीक होगा।’’ 
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब तक नेताजी की ग्रेनाइट की प्रतिमा बनकर तैयार नहीं हो जाती तब तक उस स्थान पर उनका एक होलोग्राम प्रतिमा वहा पर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस होलोग्राम प्रतिमा का वह 23 जनवरी को नेताजी की जयंती के अवसर पर लोकार्पण करेंगे। 
मोदी ने किया सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट के सर्किट हाउस का उद्घाटन  

इससे पहले पीएम मोदी ने सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट के सर्किट हाउस का उद्घाटन करते हुए कहा, “आजादी के बाद, दिल्ली के कुछ परिवारों के लिए ही नया निर्माण हुआ। हमने देश को इस संकीर्ण सोच से बाहर निकाला है और नए राष्ट्रीय स्मारकों का निर्माण कर रहे हैं और मौजूदा स्मारकों को गौरवान्वित कर रहे हैं।”  
आपको बता दें कि दिल्ली के इंडिया गेट पर हमेशा शहीदों के सम्मान में जलने वाली ‘अमर जवान ज्योति’ को आज नए बने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में रखा जाएगा। 50 साल बाद ऐसा हो रहा है, जब अमर जवान ज्योति इंडिया गेट से अलग की जाएगी। सरकार के इस फैसले के बाद विवाद खड़ा हो गया। विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है। 
सरकार ने दी सफाई, कहा-  
उधर, सरकार ने इस मामले पर स्थिति साफ कर दी है। केंद्र सरकार का कहना है कि अमर जवान ज्योति की लौ बुझ नहीं रही है। इसे राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की ज्वाला में विलीन किया जा रहा है।

Desk Team