लंबे समय बाद करीब पांच घंटे चली CWC मीटिंग, अगले साल चुना जा सकता है कांग्रेस अध्यक्ष - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

लंबे समय बाद करीब पांच घंटे चली CWC मीटिंग, अगले साल चुना जा सकता है कांग्रेस अध्यक्ष

लंबे समय बाद बुलाई गयी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक पांच घंटे से अधिक चली जिसमें संगठनात्मक चुनाव, देश के राजनीतिक और आर्थिक हालात, पड़ोसी देशों के साथ रिश्ते और विदेश नीति पर लंबी चर्चा हुई।

लंबे समय बाद बुलाई गयी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक पांच घंटे से अधिक चली जिसमें संगठनात्मक चुनाव, देश के राजनीतिक और आर्थिक हालात, पड़ोसी देशों के साथ रिश्ते और विदेश नीति पर लंबी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी को पुन: पार्टी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव भी रखा। एक सूत्र ने कहा कि इस प्रस्ताव पर बैठक में सदस्यों ने ‘मौन’ रखा।
अगले साल अगस्त-सितंबर में पार्टी अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा
सूत्र के अनुसार इसे सदस्यों की स्वीकृति के रूप में लिया गया। सूत्र ने यह भी कहा कि इसी दौरान राहुल ने कहा कि पार्टी के नेताओं दबाव बनाया तो वह यह जिम्मेदारी लेने पर विचार कर सकते हैं। पार्टी मुख्यालय पर हुई इस बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक अध्यक्ष सोनिया गांधी ने की। बैठक मीडिया के लिए खुली नहीं थी। सीडब्ल्यूसी की बैठक में शनिवार को फैसला किया गया कि अगले साल अगस्त-सितंबर में पार्टी अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा।
आगामी एक नवंबर से कांग्रेस सदस्यता अभियान चलाएगी
इसके साथ ही, यह निर्णय भी लिया गया कि आगामी एक नवंबर से कांग्रेस सदस्यता अभियान चलाएगी, जो अगले साल 31 मार्च तक चलेगा। कांग्रेस के संगठन महासिचव के सी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष का चुनाव 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच होगा।
भूपेश बघेल, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी और कई अन्य नेता शामिल थे
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी और कई अन्य नेता शामिल थे। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अस्वस्थ होने के कारण और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और आरपीएन सिंह कुछ निजी कारणों से इस बैठक में शामिल नहीं हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

one × two =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।