पंजाब की कांग्रेस इकाई में हुई गुटबाजी को समाप्त करने के लिए गठित अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के तीन सदस्यीय दल ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर उनके साथ चर्चा की।
सूत्रों ने कहा कि राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पंजाब के पार्टी प्रभारी सह महासचिव हरीश रावत और पूर्व सांसद जे पी अग्रवाल ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के साथ विचार-विमर्श किया। यह समिति पहले ही पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपने सुझाव संबंधी रिपोर्ट सौंप चुकी है।
सूत्रों ने बताया कि पंजाब कांग्रेस में संभावित बदलाव से पहले समिति के सदस्य जल्द ही सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। रविवार को सदस्यों ने राहुल गांधी के साथ लगभग एक घंटे तक चर्चा की और इस दौरान पंजाब में पार्टी में गुटबाजी को समाप्त करने के मुद्दे पर चर्चा हुई। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।


Download Android App
Download iOS App



