संसद के उच्च सदन में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के एक सासंद ने देश में गौ हत्या पर रोक लगाने के लिए केंद्रीय कानून बनाए जाने की मांग की। सासंद किरोड़ी लाल मीणा ने शून्यकाल में गौ-हत्या पर रोक के लिए केंद्रीय कानून बनाने के साथ ही गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की भी मांग की। उन्होंने विशेष उल्लेख के जरिए यह मांग करते हुए कहा कि, सनातन और हिंदू धर्म में गाय की पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि, गाय भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और उसे माता का दर्जा प्राप्त है, ऐसे में गौ-हत्या होने से सामाजिक समसरता प्रभावित होने लगती है।
बायो-एथनॉल को बढ़ावा देने की हुई मांग
भाजपा के एक अन्य सासंद महेश पोद्दार ने विशेष उल्लेख के जरिए बायो-एथनॉल के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए शीघ्र ही एक नीति घोषित करने की मांग की और कहा कि, पेट्रोलियम की खरीद पर एक ओर विदेशी मुद्रा खर्च होती है वहीं इसके उपयोग से प्रदूषण भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि, ऐसे में अगर बायो-एथनॉल के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए तो किसानों को भी फायदा मिलेगा।
इन सासंदों ने भी रखी अपनी मांग
समाजवादी पार्टी (सपा) के विश्वंभर प्रसाद निषाद ने विशेष उल्लेख के जरिए ही फसल बीमा योजना में संशोधन की मांग की, वहीं वाईएसआर कांग्रेस सदस्य पिल्ली सुभाषचंद्र बोस ने आंध्र प्रदेश के विभाजन के समय किए गए वादों को पूरा करने की मांग की। बीजू जनता दल सदस्य सस्मित पात्रा ने देश में वामपंथी उग्रवाद की समस्या से जुड़ा मुद्दा विशेष उल्लेख के जरिये उठाया।


Download Android App
Download iOS App



