भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। नई कार्यकारिणी में 80 सदस्यों को शामिल किया गया है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी को शामिल किया गया है। वहीं मेनका गांधी और वरुण गांधी को इस लिस्ट से बाहर कर दिया गया है।
बीजेपी महासचिव अरुण सिंह ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति, विशेष आमंत्रित सदस्यों एवं स्थायी आमंत्रित सदस्यों की नियुक्ति कर दी है। राष्ट्रीय कार्यसमिति में 80 सदस्य हैं जिनमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, डॉ. मुरली मनोहर जोशी, पूर्व अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अमित शाह, राज्यसभा में नेता सदन पीयूष गोयल, हाल ही में बीजेपी में आए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल हैं।
अरुण सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यसमिति में 50 विशेष आमंत्रित और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्यों को शामिल किया गया है जिनमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री, विधानसभाओं एवं विधान परिषदों में विधायक दल के नेताओं, प्रदेश अध्यक्षों, प्रदेश प्रभारियों, सह प्रभारियों, प्रदेश संगठन महामंत्रियों एवं संगठकों को शामिल किया गया है।
लखीमपुर खीरी घटना को लेकर अपनी ही सरकार को घेर चुके हैं वरुण
पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी ने लखीमपुर घटना को लेकर लगतार सक्रिय है। उन्होंने आज भी एक वीडियो जारी कर अपनी ही सरकार को घेरते हुए कहा कि हत्याकर प्रदर्शनकारियों को चुप नहीं करा सकते हैं। इससे पहले भी वह घटना से जुड़ा एक वीडियो जारी कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



