KFC और Pizza Hut तक पहुंची बॉयकॉट की तलवार, कंपनियों ने दी सफाई, Hundai को केंद्र ने दिया यह निर्देश

Summary :

क्विक सर्विस रेस्तरां (क्यूएसआर) चेन केएफसी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर कश्मीर में अलगाववादियों का समर्थन करने वाली पाकिस्तान स्थित फ्रेंचाइजी की एक पोस्ट पर नाराजगी के बाद माफी मांगी।

क्विक सर्विस रेस्तरां (क्यूएसआर) चेन केएफसी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर कश्मीर में अलगाववादियों का समर्थन करने वाली पाकिस्तान स्थित फ्रेंचाइजी की एक पोस्ट पर नाराजगी के बाद माफी मांगी। एक अन्य क्यूएसआर चेन पिज्जा हट ने भी पाकिस्तान में अपने आधिकारिक हैंडल द्वारा कश्मीर पर एक इंस्टाग्राम पोस्ट पर विरोध का सामना करने के बाद एक बयान जारी कर कहा, “सोशल मीडिया में प्रसारित पोस्ट की सामग्री की निंदा करते हैं और इस पोस्ट को हमारा समर्थन या सहमति नहीं है।”
दोनों कंपनियों ने मांगी माफी 
केएफसी और पिज्जा हट दोनों ही यूएस स्थित यम! की सहायक कंपनियां हैं। केएफसी इंडिया के आधिकारिक अकाउंट पर एक संदेश के अनुसार, “हम देश के बाहर कुछ केएफसी सोशल मीडिया चैनलों पर प्रकाशित एक पोस्ट के लिए गहराई से क्षमा चाहते हैं। हम भारत का सम्मान करते हैं, और सभी भारतीयों की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता में दृढ़ रहते हैं।”  
पिज्जा हट ने अपने बयान में कहा, “हम सोशल मीडिया में प्रसारित पोस्ट की सामग्री की निंदा करते हैं और इसका समर्थन या सहमति नहीं करते हैं। हम अपने सभी भाइयों और बहनों की गर्व के साथ सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता में दृढ़ हैं।”
ट्रेंड हुआ बॉयकॉट केएफसी और पिज्जा हट
बता दें कि इससे पहले, एक सोशल मीडिया पोस्ट में, केएफसी के एक सत्यापित अकाउंट ने कश्मीर में अलगाववादियों का समर्थन किया था और पोस्ट किया था “कश्मीर कश्मीरियों का है।” इसी तरह ‘पिज्जाहटपाक’ के वेरिफाइड अकाउंट से एक इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा गया था, ”हम आपके साथ खड़े हैं। कश्मीर एकजुटता दिवस।”
ट्विटर पर #BoycottKFC और #BoycottPizzaHut ट्रेंड करने के बाद दोनों सोशल मीडिया पोस्ट को डिलीट कर दिया गया। यह घटना उसी तरह की प्रतिक्रिया का अनुसरण करती है जिसका सामना हुंडई मोटर्स ने रविवार को सोशल मीडिया पर तब किया जब पाकिस्तान में एक डीलर ने कश्मीर में अलगाववादियों का समर्थन करते हुए एक संदेश पोस्ट किया।
हुंडई ने किया था कश्मीर एकजुटता दिवस का समर्थन 
पाकिस्तान में हुंडई के एक डीलर @hyundaiPakistanOfficial के ट्विटर अकाउंट ने कश्मीर एकजुटता दिवस का समर्थन करते हुए एक संदेश पोस्ट किया था, जिसे “स्वतंत्रता के लिए संघर्ष” कहा गया था। पोस्ट के बाद, भारत में ट्विटर पर #BoycottHyundai ट्रेंड करने लगा, जिसमें कई यूजर्स ने लोगों से देश में कंपनी के उत्पादों को खरीदना बंद करने के लिए कहा। रविवार को हुंडई मोटर्स इंडिया ने सोशल मीडिया पर भारतीय बाजार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक संदेश डाला।
केंद्र सरकार ने हुंडई को माफी मांगने का दिया निर्देश 
वहीं इस मामले में केंद्र सरकार ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा पिछले दिनों मनाए गए ‘‘कश्मीर एकजुटता दिवस’’ का समर्थन करने वाली कार निर्माता कंपनी हुंडई को इस कृत्य के लिए माफी मांगने को कहा गया है। राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान शिव सेना की प्रियंका चतुर्वेदी द्वारा उठाए गए इस मुद्दे के जवाब में सदन के नेता व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, ‘‘यह मामला कंपनी के समक्ष उठाया गया है और कल ही उसे कहा गया है कि वह इस पर साफ-साफ माफी मांगे।’’
पाकिस्तान हर साल मनाता है ‘‘कश्मीर एकजुटता दिवस’’ 
बताते चलें कि पाकिस्तान हर साल पांच फरवरी को ‘‘कश्मीर एकजुटता दिवस’’ मनाता है। हुंडई कंपनी की पाकिस्तान इकाई के सोशल मीडिया हैंडल से इसका समर्थन किया गया था। चतुर्वेदी ने कंपनी के इस कृत्य का उल्लेख करते हुए कहा कि कंपनी का रुख भारत की सार्वभौमिकता को चुनौती देने वाला है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से इस मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई करने की मांग की।इसके जवाब में गोयल ने केंद्र सरकार का रुख स्पष्ट किया।

कोरोना की दूसरी लहर के वक्त गंगा में कितने शव बहाए गए? केंद्र का जवाब- ‘उपलब्ध नहीं जानकारी‘

Desk Team