देशभर में आज होली का त्योहार मनाया जा रहा है। सभी लोग एक दूसरे को रंग-गुलाल लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं। राजधानी दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर तक में होली मनाई जा रही है। इसी बीच जम्मू-कश्मीर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने मंगलवार को सरहद पर होली मनाई।
बीएसएफ ने बताया कि जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने एक दूसरे को रंग लगाकर होली मनाई। जवानों ने रंगों के त्योहार पर स्थानीय लोगों और देशवासियों को शुभकामनाएं भी दी। इस मौके पर बीएसएफ जवानों ने जमकर डांस भी किया।
सरहद पर होली मनाने के दौरान बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने सरहद पर तैनात जवानों व अधिकारियों को होली की बधाई दी। वहीं इस दौरान ऑक्ट्राय पोस्ट पर बीएसएफ के जवानों ने नाचते हुए अपने साथियों को रंग लगा कर होली मनाई। सीमा पर तैनात महिला कांस्टेबल व अधिकारियों ने भी एक दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) भारत की सीमाओं की सुरक्षा करती है, इसे भारतीय क्षेत्र की सीमा सुरक्षा की पहली पंक्ति भी कहा जाता है। यह पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ भारतीय सीमा की सुरक्षा करता है।


Download Android App
Download iOS App



