संसद तक पहुंचा कोरोना संक्रमण, BSP सांसद दानिश अली कोविड पॉजिटिव

Summary :

बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सांसद कुंवर दानिश अली कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए है, चिंता की बात है कि वह सोमवार को संसद की कार्रवाई का हिस्सा बने थे।

देश में ओमीक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों के बीच चिंताजनक खबर सामने आई है। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सांसद कुंवर दानिश अली कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए है, चिंता की बात है कि वह सोमवार को संसद की कार्रवाई का हिस्सा बने थे। उन्होंने ट्वीट कर खुद के संक्रमित होने की जानकारी दी।
दानिश अली ने कहा, “टीके की दोनों खुराक लेने के बाद भी आज मेरे कोविड से संक्रमित होने का पता चला है। कल मैं संसद की कार्यवाही में शामिल हुआ था। मैं अपने संपर्क में आए लोगों से आग्रह करता हूं कि वे अपनी जांच कराएं और खुद को पृथक-वास में रखें। मुझमें हल्के लक्षण हैं और जल्द सेहतमंद होने की उम्मीद है।”


वहीं देश में ओमीक्रॉन पैर पसारता जा रहा है, स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि अब देश में ओमीक्रॉन से संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 200 तक पहुंच गया है। वहीं राहत की खबर यह भी है कि देश में कोरोना वायरस के मामलों में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई है। 

भारत में एक दिन में कोरोना वायरस महामारी के सिर्फ 5 हजार तीन सौ 26 मामले दर्ज हुए हैं। वहीं अगर बात करें ओमीक्रॉन की तो इस वक्त महाराष्ट्र और दिल्ली में सबसे अधिक मामले सामने आ रहे हैं। इसके साथ ही राहत वाली खबर यह है कि सभी 200 में से 77 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं।

Desk Team