केंद्र ने राज्यों को सार्वजनिक परिवहन के वाहन और बस अड्डों पर साफ-सफाई की चौकस व्यवस्था करने का दिया निर्देश

Summary :

केंद्र ने बुधवार को कोरोना के संक्रमण पर रोक लगाने के लिए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सार्वजनिक परिवहन के सभी वाहनों, बस अड्डों तथा बस स्टॉप पर साफ-सफाई की व्यवस्था चौकस करने का निर्देश दिया।

भारत में बुधवार तक कोरोना वायरस (कोविड-19) के कुल 60 मामले सामने आ चुकें हैं। केंद्र सरकार लगातार इस समस्या से निपटने के लिए उपाए ढूंढ रही है। इसी के मद्दे नजर केंद्र ने बुधवार को कोरोना के संक्रमण पर रोक लगाने के लिए राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सार्वजनिक परिवहन के सभी वाहनों, बस अड्डों तथा बस स्टॉप पर साफ-सफाई की व्यवस्था चौकस करने का निर्देश दिया। 
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित को भेजे परामर्श में कहा, ‘‘स्वास्थ्य को लेकर इस तरह की सार्वजनिक स्थिति को लेकर संक्रमण के नए मामलों को रोकने तथा बचाव की विस्तृत व त्वरित प्रणाली विकसित करने के लिए सरकार के स्तर पर एकजुट प्रयास की जरूरत है। 


इसके लिए जरूरत है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा नियंत्रण एवं बचाव के उपायों तथा की जा रही तैयारियों की मदद के लिए सभी संसाधनों का पूरी तरह से इस्तेमाल करने के प्रयास किए जाएं।’’ ऐसे में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सार्वजनिक परिवाहन के वाहनों में सीटों, हैंडलों और खंभों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। 

मंत्रालय ने कहा, ‘‘सभी बस अड्डों पर साफ-सफाई एवं स्वच्छता को चौकस बनाया जाना चाहिये। सार्वजनिक परिवहन के वाहनों, बस अड्डों और बस स्टॉप पर सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर जागरुकता वाले संदेश प्रदर्शित किये जाने चाहिये।’’ उल्लेखनीय है कि चीन से शुरू हुआ कोरोना वायरस संक्रमण 104 से अधिक देशों को अपनी चपेट में ले चुका है। भारत में अभी तक इस संक्रमण के 60 मामले सामने आ चुके हैं। 

Desk Team