Civil Services Day : राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने दी सिविल सेवकों को बधाई, सरदार पटेल का किया जिक्र

Summary :

सिविल सेवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने गुरुवार को सिविल सेवकों को शुभकामनाएं दीं।

देश में सिविल सेवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने गुरुवार को सिविल सेवकों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट करके कहा, नागरिक सेवा दिवस पर अतीत और वर्तमान के सभी सिविल सेवकों को मेरी शुभकामनाएं। उन्होंने एक अग्रणी राष्ट्र के रूप में भारत के उभरने में योगदान दिया है। उन्होंने सिविल सेवकों से अत्यंत समर्पण के साथ देश की सेवा जारी रखने का आग्रह किया और कहा कि जिस तरह से सरदार वल्लभभाई पटेल ने सार्वजनिक सेवा की भावना के साथ उन्हें प्रोत्साहित किया था, उस तरह से देश को आगे ले जाने में योगदान देते रहें।


उपराष्ट्रपति ने भी दी शुभकामनाएं

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने ट्वीट किया, नागरिक सेवा दिवस पर सभी सिविल सेवकों, भारत के स्टील फ्रेम को मेरी बधाई, क्योंकि वे देश और उसके लोगों की सेवा करने के लिए अग्रिम पंक्ति में काम करते हैं। उन्होंने सिविल सेवकों की सराहना करते हुए कहा, उन्हें एक सक्षम, योज्ञ और नागरिक-केंद्रित सिविल सेवक के रूप में सरदार वल्लभभाई पटेल के दृष्टिकोण पर खरा उतरते हुए देखना खुशी की बात है।


सबसे कमजोर वर्गों के दरवाजे तक विकास का लाभ पहुंचाना भी अवसर है

नायडू ने कहा, आज का दिन सिविल सेवकों के लिए हमारे संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध होने, उनके कौशल को उन्नत करने और हमारे देश के सबसे गरीब तथा सबसे कमजोर वर्गों के दरवाजे तक विकास का लाभ पहुंचाना भी अवसर है। इस दिशा में उनके प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।

Desk Team