CAA और NPR के मुद्दे पर कांग्रेस सदस्यों का हंगामा, लोकसभा 1:30 बजे तक स्थगित

Summary :

सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जैसे प्रश्नकाल शुरू करने को कहा, वैसे ही कांग्रेस के सदस्य नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष के सीट के निकट पहुंच गए।

लोकसभा में कांग्रेस सदस्यों ने प्रश्नकाल के दौरान सीएए और एनपीआर के मुद्दे पर भारी हंगामा किया । विपक्षी सदस्यों ने दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान विवादित बयान देने का आरोप लगाते हुए वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का भारी विरोध किया ।
सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जैसे प्रश्नकाल शुरू करने को कहा, वैसे ही कांग्रेस के सदस्य नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष के सीट के निकट पहुंच गए। कई सदस्यों ने ‘लोकतंत्र बचाओ’, ‘भारत बचाओ’ और ‘नो सीएए-एनआरसी-एनपीआर’ के नारे वाली तख्तियां ले रखी थीं। इस दौरान द्रमुक, सपा, बसपा और राकांपा के सदस्य अपने स्थान पर खड़े होकर कांग्रेस सदस्यों का समर्थन करते नजर आए। 
शोर शराबे के बीच प्रश्नकाल में वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर जब पूरक प्रश्नों का उत्तर देने खड़े हुए तो कांग्रेस सदस्यों ने ‘अनुराग ठाकुर शेम शेम’ और ‘गोली मारना बंद’ करो के नारे लगाए। उन्होंने ‘हमारा लोकतंत्र बचाओ’, ‘हमारा संविधान बचाओ’ और ‘हमारा भारत बचाओ’ के नारे भी लगाए। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से प्रश्नकाल चलने देने की अपील करते हुए कहा, ‘‘ सदन में चर्चा करने से संविधान और लोकतंत्र बचेगा। आप यहां चर्चा करने के लिये आए हैं । ’’
इस दौरान एआईएमआईएम के सदस्य असदुदद्दीन ओवैसी भी अपने स्थान पर खड़े होकर जामिया मिलिया इस्लामिया में गोलीबारी का मुद्दा उठाते और अनुराग ठाकुर को लेकर टिप्पणी करते नजर आए। सदन में हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से अपने स्थान पर जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब वे चर्चा करेंगे तभी संविधान और लोकतंत्र बचेगा
हंगामे के बीच अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में प्रश्नकाल को आगे बढ़ाया। असदुद्दीन ओवैसी के बयान के बाद संसद में हंगामा हुआ और तभी लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने प्रश्नकाल को 1:30 बजे तक स्थगित कर दिया। बता दें कि पिछले दिनों दिल्ली की एक चुनावी सभा में ठाकुर ने विवादित नारा लगाया था। इस पर चुनाव आयोग ने उन्हें प्रचार से तीन दिन के लिए प्रतिबंधित कर दिया। 

Desk Team