कांग्रेस ने ई-कॉमर्स कंपनियों पर केंद्र के फैसले का किया धन्यवाद, कहा-देर आए , दुरूस्त आए

Summary :

केंद्र सरकार ने रविवार को लॉकडाउन के दौरान ई कामर्स प्लेटफार्म पर आवश्यक वस्तुओं से इतर चीजों (नॉन इसेंशियल आइट्म) की बिक्री पर रोक लगा दी है

अक्सर केंद्र द्वारा लिए गए फैसलों के खिलाफ रहने वाली पार्टी कांग्रेस ने ई-कॉमर्स कंपनियों के आवश्यक वस्तुओं से इतर चीजों की बिक्री करने पर रोक लगाने की उसकी मांग मानने पर मोदी सरकार को धन्यवाद दिया है। इसके साथ ही उसने कहा कि यह खुदरा बिक्रेताओं के साथ अन्याय था और देर आए पर दुरूस्त आए। 
पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘प्रिय प्रधानमंत्री, देर आए , दुरूस्त आए। कल कांग्रेस पार्टी ने करीब 7 करोड़ दुकानदारों और व्यापारियों के साथ अन्याय के विषय को उठाया था जिन्होंने लॉकडाउन के दौरान अपने दुकान और कारोबार बंद किए हुए हैं जबकि सरकार ने ई-कॉमर्स कंपनियों को उत्पाद बेचने की अनुमति दी थी। हमारी मांग स्वीकार करने के लिए आपको धन्यवाद। ’’


शनिवार को कांग्रेस ने लॉकडाउन के दौरान खुदरा कारोबारियों की परेशानियों को रेखांकित करते हुए आरोप लगाया था कि सरकार केवल ई-कॉमर्स कंपनियों को आवश्यक वस्तुओं से इतर चीजों (नॉन इसेंशियल आइट्म) की बिक्री करने की अनुमति देकर उनके (खुदरा कारोबारियों) साथ अन्याय कर रही है। 

सरकार ने रविवार को लॉकडाउन के दौरान ई कामर्स प्लेटफार्म पर आवश्यक वस्तुओं से इतर चीजों (नॉन इसेंशियल आइट्म) की बिक्री पर रोक लगा दी है। चार दिन पहले ई-कॉमर्स कंपनियों को मोबाइल फोन, रेफ्रिजरेटर और सिलेसिलाए परिधानों आदि की बिक्री की अनुमति दी गई थी लेकिन अब इस छूट को वापस ले लिया गया है। राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन तीन मई तक लागू है।

Desk Team