महंगाई के मुद्दे को लेकर कांग्रेस का केंद्र पर वार, 15 जुलाई तक 23 शहरों में करेगी संवाददाता सम्मेलन

Summary :

कांग्रेस पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और कई खाद्य वस्तुओं के दामों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए आगामी 15 जुलाई तक देश के 23 शहरों में संवाददाता सम्मेलनों का आयोजन करेगी।

महंगाई के मुद्दे पर अक्सर विपक्ष की पार्टियां केंद्र सरकार को घेरती नजर आती है। इस बार भी कांग्रेस पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और कई खाद्य वस्तुओं के दामों में बढ़ोतरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए आगामी 15 जुलाई तक देश के 23 शहरों में संवाददाता सम्मेलनों का आयोजन करेगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन संवाददाता सम्मेलनों को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता संबोधित करेंगे और इनमें महंगाई के कारण जनता का पेश आ रही मुश्किलों का उल्लेख करने के साथ ही सरकार की ‘जनविरोधी नीतियों’ को भी उजागर करेंगे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम दिल्ली, कलमनाथ लखनऊ, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मुंबई और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नागपुर में मीडिया से बातचीत करेंगे। सूत्रों ने बताया कि इनके अलावा मनीष तिवारी, सलमान खुर्शीद, आनंद शर्मा, दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट और पार्टी के कई अन्य नेता एवं प्रवक्ता अलग अलग शहरों में संवाददाता सम्मेलन संबोधित करेंगे।
उधर, महंगाई के मुद्दे को लेकर सरकर पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा,‘‘नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्रिपरिषद विस्तार के एक दिन बाद ही सीएनजी, पेट्रोल और डीजल महंगा हो गया। आज देश के ज्यादातर शहरों में पेट्रोल 100 रुपये और 90 रुपये के पार चला गया है। भूख घरों के दहलीज़ पर खड़ी है, लेकिन सरकार को आम लोगों की चिंता नहीं है।’’

Desk Team