भारत समेत आज दुनिया के लगभग सभी देश कोरोना वायरस की महामारी से जूझ रहे हैं। दुनिया भर में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या सात लाख के पार हो चुकी है और करीब 35 हजार से भी ज्यादा लोगों की इस वायरस के चलते मौत हो चुकी है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के संकट को देखते हुए विभिन्न देशों में तैनात भारतीय राजदूतों से विदेशों में मौजूद भारतीय नागरिकों तक अपनी पहुंच बनाकर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
कोरोना वायरस के वैश्विक संक्रमण को देखते हुए मोदी ने सोमवार को सभी देशों में भारतीय मिशन के प्रमुखों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक में पांच सूत्रीय कार्ययोजना को अमल में लाने को कहा। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने सभी राजनयिकों से कहा कि इस तरह की असाधारण स्थिति से निपटने के लिए असाधारण उपाय करने होंगे।
उन्होंने कोरोना से प्रभावित विभिन्न देशों में फंसे भारतीय नागरिकों की स्वदेश वापसी में मिशन प्रमुखों के प्रयासों को सराहनीय बताया। मोदी ने भविष्य में भी स्थिति से निपटने के लिए पांच सूत्रीय उपाय सुनिश्चित करते हुए राजनयिकों से उनके एवं उनकी टीम के सभी सदस्यों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी सभी एहतियात बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रतिबंध अनिश्चित काल तक लागू रहने के मद्देनजर विदेशों में मौजूद प्रत्येक भारतीय नागरिक तक संबद्ध मिशन को अपनी पहुंच बनानी होगी, जिससे उनकी समय रहते हर प्रकार से सहायता की जा सके।
साथ ही प्रधानमंत्री ने कोरोना संकट के अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों को देखते हुए मिशन प्रमुखों से ऐसे सभी प्रयास करने को कहा जिससे संबद्ध देश से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित न हो।


Download Android App
Download iOS App



