भारत में कोरोना वायरस ने अब तक 13 राज्यों में दस्तक दे दी है। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या रविवार को बढ़कर 107 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। वहीं, देश में दो और पूरी दुनिया में 5000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।दिल्ली में कोरोना वायरस के अब तक सात मामले सामने आ चुके हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में 11, कर्नाटक में छह, लद्दाख में तीन और जम्मू-कश्मीर में दो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
इसके अलावा राजस्थान में कोरोना वायरस के दो और मामले सामने आए हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पंजाब में एक-एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित है। केरल में कोरोना वायरस के सबसे अधिक 22 मामले सामने आए हैं। इनमें वे दो लोग भी शामिल हैं, जिन्हें पिछले महीने इलाज के बाद छुट्टी दी जा चुकी है। मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि कुल 93 संक्रमित लोगों में से 17 विदेशी हैं। इनमें 16 लोग इतालवी हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना के सबसे अधिक मामले आए सामने
महाराष्ट्र में कोरोनोवायरस के 31 मामले सामने आने के साथ यह राज्य भारत में वैश्विक महामारी से सबसे अधिक प्रभावित राज्य के रूप में उभरा है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड में शनिवार देर रात पांच नए मामलों का पता चला।
तीन कोरोनोवायरस संदिग्ध जो शनिवार को अहमदनगर सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से भाग गए थे, रविवार सुबह लौट आए। इसी तरह, नागपुर में मेयो हॉस्पिटल से भागे चार कोरोनोवायरस संदिग्धों में से भी तीन लौट आए हैं, और चौथे का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
महाराष्ट्र में एहतियात के तौर पर 31 मार्च तक सभी स्कूलों, कॉलेजों, मॉल, स्विमिंग पूल, जिम और फिटनेस सेंटर, सार्वजनिक स्थानों, सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। आईआईटी-बॉम्बे ने अपने छात्रों, हॉस्टलर्स, फैकल्टी, स्टाफ, विजिटर आदि के लिए अन्य कड़े नियम लागू करने के अलावा 29 मार्च तक सभी क्लासरूम और लेबोरेटरी इंस्ट्रक्शन को भी निलंबित कर दिया है।