कोरोना के खिलाफ लड़ाई एकजुट होकर लड़ें, ‘जनता कर्फ्यू’ में भागीदारी सुनिश्चित करें : जे पी नड्डा

Summary :

जनता कर्फ्यू मद्येनजर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को लोगों से ‘जनता कर्फ्यू’ में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि यह छोटा प्रयास स्वस्थ भारत के लिये बहुत अहम होने वाला है।

जनता कर्फ्यू मद्येनजर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को लोगों से ‘जनता कर्फ्यू’ में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि यह छोटा प्रयास स्वस्थ भारत के लिये बहुत अहम होने वाला है, ऐसे में कोरोना के खिलाफ इस बड़ी लड़ाई को एकजुट होकर लड़ें।नड्डा ने अपने ट्वीट में कहा, ‘ आज हमें एकजुट होकर कोरोना संक्रमण के खिलाफ बड़ी लड़ाई लड़ने की जरूरत है। 

‘जनता कर्फ्यू’, जनता के द्वारा, जनता के स्वास्थ्य के लिए अहम कदम है। मेरा आप सभी से अनुरोध है, “जनता कर्फ्यू” के संदर्भ में आदरणीय प्रधानमंत्री द्वारा कही गयी बातों का अक्षरश: पालन करें।’’उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री जी की बातों का पालन करते हुए सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक घरों से बाहर नहीं निकलना है। 

इस दौरान सुरक्षित और स्वस्थ भारत के लिये प्रतिपल काम कर रहे लोगों के सम्मान में शाम 5 बजे अपने घरों की खिड़की, बालकनी से ताली, थाली, घंटी बजाकर आभार प्रकट करना है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ हमारा यह छोटा प्रयास स्वस्थ भारत के लिये बहुत अहम होने वाला है, इसलिये सभी इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।’’

Desk Team