मुंबई : केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि कुछ विपक्षी दलों और मीडिया के एक वर्ग ने उनके बयानों को ‘तोड़-मरोड़कर’ पेश किया। उनका यह बयान उनकी उस कथित टिप्पणी की पृष्ठभूमि में आया है जिसमें उन्होंने ‘नेतृत्व को हार की जिम्मेदारी लेने’ की बात कही थी। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने शनिवार को कहा था कि सफलता का श्रेय लेने के लिये लोगों में होड़ रहती है लेकिन विफलता को कोई स्वीकार नहीं करना चाहता। ‘‘नेतृत्व में हार और असफलता को स्वीकार करने की प्रवृत्ति होनी चाहिए।’’ मंत्री पुणे में एक समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने अपनी बात की ज्यादा व्याख्या नहीं की, लेकिन उनकी टिप्पणियों को हाल में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना गया। गडकरी ने रविवार को कहा कि उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘पिछले कुछ दिनों में मैंने महसूस किया है कि कुछ विपक्षी दल और मीडिया का एक वर्ग मेरे बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश कर बुरा प्रचार कर रहा है और उन्हें संदर्भ से काटकर इस्तेमाल कर रहा है तथा यह मुझे और मेरी पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिए राजनीतिक रूप से प्रेरित है।’’
गडकरी ने दावा किया कि यह उनके और भाजपा नेतृत्व के बीच दरार पैदा करने की ‘साजिश’ है। उन्होंने कहा कि वह ऐसे आक्षेपों का जोरदार खंडन करते हैं तथा संदर्भ से काटकर दुर्भावनापूर्ण और शरारतपूर्ण रिपोर्ट पेश किए जाने की निन्दा करते हैं। गडकरी ने ट्वीट किया, ‘‘मैं एक बार फिर स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मेरे और भाजपा नेतृत्व के बीच दराद पैदा करने की साजिश कभी सफल नहीं होगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने विभिन्न मंचों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है और लगातार ऐसा करता रहूंगा तथा अपने विरोधियों के नापाक इरादों को उजागर करता रहूंगा।


Download Android App
Download iOS App



