कोरोना वायरस महामारी को रोकने के लिए देश भर में लॉकडाउन जारी है। इस दौरान लोग एक दूसरे से जुड़ने के लिए वीडियो कॉल का इस्तेमाल कर रहे हैं। वीडियो कॉलिंग/कॉन्फ्रेंसिंग ऐप ज़ूम के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एडवाइज़री जारी की है।

गृह मंत्रालय ने कहा कि ये ऐप सुरक्षित नहीं है, लोग इसका इस्तेमाल सावधानी से करें। गृह मंत्रालय की ओर से कहा गया कि सरकार ने पहले भी 6 फरवरी और 30 मार्च को इसको लेकर जानकारी दी थी, ऐसे में इसके इस्तेमाल में सतर्कता बरतें। मंत्रालय ने कहा है कि अगर कोई व्यक्ति इसका इस्तेमाल कर रहा है तो कुछ जरूरी बातों का खयाल रखें और पासवर्ड बदलते रहें। वीडियो कॉन्फ्रेंस कॉल में भी किसी को अनुमति देने से पहले सावधानी बरतें।

गृह मंत्रालय ने ज़ूम ऐप यूज करने के दौरान सतर्कता बरतने के लिए जो सुझाव दिए हैं, वो इस प्रकार हैं-
-हर मीटिंग के लिए नई यूजर आईडी, पासवर्ड का इस्तेमाल करें।
-वेटिंग रूम को एनेबल करें, ताकि कोई भी यूजर तभी कॉल में शामिल हो सके जब कॉन्फ्रेंस करने वाला अनुमति दे।
-ज्वाइन ऑप्शन को डिसऐबल कर दें।
-स्क्रीन शेयरिंग का ऑप्शन सिर्फ होस्ट के पास रखें।
-किसी व्यक्ति के लिए रिज्वाइन का ऑप्शन बंद रखें।
-फाइल ट्रांसफर के ऑप्शन का कम से कम इस्तेमाल करें।
आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से इस वीडियो कांफ्रेंसिंग ऐप्स के जरिए डाटा लीक्स जैसी कई खबरें सामने आ रहीं थी। पिछले दिनों ही एक रिपोर्ट आई थी जिसके मुताबिक, जिसमें ज़ूम अकाउंट्स की डिटेल्स 15 पैसे से कम कीमत में ऑनलाइन बेचे जाने के बारे में बताया गया था। पहले भी इस ऐप की सिक्युरिटी को लेकर कई बार सवाल उठाए जा चुके हैं। जिसे देखते हुए गृह मंत्रालय ने यह एडवाइजरी जारी किया है।


Download Android App
Download iOS App



